तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से उपनिरीक्षक की मौत
तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से उपनिरीक्षक की मौत
प्रतापगढ़ में तैनात थे रंजन बिंद, दादी के तेरहवीं में शामिल होने घर आए थे
संवाददाता – पीयूष बरनवाल
भदोही। औराई थाना क्षेत्र के नरशुआ उगापुर पेट्रोल पंप के सामने गुरुवार की देर शाम दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से प्रतापगढ़ में तैनात उपनिरीक्षक रंजन बिंद (32 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई।
सड़क पार करते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, रंजन बिंद किसी काम से औराई आए थे। शाम को जब वह नरशुआ पेट्रोल पंप के सामने सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद वह सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान दूसरी तेज रफ्तार बाइक भी उन्हें रौंदती हुई निकल गई। स्थानीय लोग उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घर में पसरा मातम
हीरापुर उगापुर गांव निवासी रंजन बिंद चार दिन पहले ही अपनी दादी के तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने घर आए थे। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार और गांव में कोहराम मच गया।
सीसीटीवी में कैद पूरी घटना
घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस बाइक सवार की पहचान में जुट गई है। वहीं, औराई थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।