स्कूल चलो अभियान को लेकर डीएम एक्शन मोड में, पहले दिन बच्चों के स्वागत से लेकर शत-प्रतिशत नामांकन तक दिए सख्त निर्देश
स्कूल चलो अभियान को लेकर डीएम एक्शन मोड में, पहले दिन बच्चों के स्वागत से लेकर शत-प्रतिशत नामांकन तक दिए सख्त निर्देश
देवरिया, 01 जुलाई। जनपद में 2 जुलाई से शुरू होने वाले स्कूल चलो अभियान को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला टास्क फोर्स शिक्षा समिति एवं प्रोजेक्ट अलंकार की बैठक में उन्होंने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियान शुरू होने से पहले विद्यालयों की सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं और पहले दिन बच्चों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि पंचायत सचिव, लेखपाल, खंड शिक्षा अधिकारी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी विद्यालयों में उपस्थित रहकर बच्चों का स्वागत करेंगे। उन्होंने सभी विद्यालयों में बाउंड्रीवाल, शौचालय, सोख्ता, स्वच्छ पेयजल, बिजली तथा अन्य आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय परिसर में जलभराव और लटकते बिजली के तारों को तत्काल दुरुस्त कराने को कहा।
उन्होंने आरबीएसके टीम को विद्यालयों में पहुंचकर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करने, छात्रों की डिजिटल उपस्थिति दर्ज कराने तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में प्रेरणा ऐप के माध्यम से शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने अधिकारियों से कहा कि कोई भी बच्चा विद्यालय से बाहर नहीं रहना चाहिए। शत-प्रतिशत नामांकन बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए और प्रत्येक अधिकारी अपने निरीक्षण का लक्ष्य समय से पूरा करे। उन्होंने मिड-डे मील, रसोइयों, शिक्षामित्रों, स्पेशल एजुकेटर, ईसीसीई एजुकेटर एवं शिक्षकों के मानदेय और देयकों का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।