नोडल अधिकारी रणविजय सिंह ने विद्यालयों का किया निरीक्षण
नोडल अधिकारी रणविजय कुमार सिंह ने विद्यालयों का किया निरीक्षण
देवरिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर चल रहे विशेष निरीक्षण अभियान के तहत डिप्टी कमिश्नर, सहकारिता विभाग, देवरिया रणविजय सिंह ने नोडल अधिकारी के रूप में अपने आवंटित ग्राम पंचायतों रोपनछपरा व रतनपुरा का भ्रमण कर प्राथमिक एवं संविलियन विद्यालयों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालयों में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति, पठन-पाठन की गुणवत्ता, मिड-डे मील व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालयों के अभिलेखों का भी परीक्षण किया और आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए।
इस अवसर पर रणविजय कुमार सिंह ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने शिक्षकों से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ शिक्षण कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि विद्यालयों में अनुशासन, नियमित उपस्थिति और बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन दिखाई दे।
उन्होंने कहा कि निरीक्षण का उद्देश्य केवल कमियां तलाशना नहीं, बल्कि विद्यालयों की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाना तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। निरीक्षण के दौरान विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।