बागवानी मिशन के तहत दो दिवसीय किसान गोष्ठी व भ्रमण कार्यक्रम संपन्न
बागवानी मिशन के तहत दो दिवसीय किसान गोष्ठी व भ्रमण कार्यक्रम संपन्न
देवरिया, 13 मार्च।
बागवानी विकास मिशन के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में दो दिवसीय किसान गोष्ठी एवं सेमिनार का आयोजन 12 मार्च 2026 को राजकीय पौधशाला भुजौली परिसर में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि एवं बागवानी से जुड़ी उन्नत तकनीकों की जानकारी देना रहा।
कार्यक्रम के पहले दिन कृषि विज्ञान केंद्र, कृषि ज्ञान केंद्र तथा अन्य विशेषज्ञों ने किसानों को बागवानी विकास मिशन, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही आधुनिक खेती के तरीकों को अपनाकर उत्पादन और आय बढ़ाने के उपायों पर भी प्रकाश डाला गया।
दूसरे दिन किसानों को विभिन्न गांवों के प्रक्षेत्रों का भ्रमण कराया गया। इस क्रम में ग्राम पंचायत कोन्हवलिया में किसान संजय तिवारी के खेत पर बागवानी फसलों में ड्रिप सिंचाई प्रणाली का प्रदर्शन कराया गया। ग्राम पंचायत बगड़ा महुवारी में किसान सुरेश राय के खेत पर केला की सहफसली खेती के मॉडल को दिखाया गया। वहीं ग्राम पंचायत कैथवलिया में किसान जय सिंह कुशवाहा के फार्म पर सब्जियों और पपीता की खेती में ड्रिप सिस्टम तथा छोटे पॉलीहाउस व शेडनेट तकनीक के बारे में जानकारी दी गई।
इसके अलावा किसानों को जनपद कुशीनगर स्थित राजकीय आलू प्रक्षेत्र एवं शाकभाजी संवर्धन केंद्र, कसया (बरवा फार्म) का भी भ्रमण कराया गया। यहां टिश्यू कल्चर आलू उत्पादन के लिए लगाए गए एरोपोनिक्स सिस्टम (हवा में आलू उत्पादन) तथा आजाद-1 मेथी की उन्नत खेती के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
भ्रमण के दौरान किसानों ने विभिन्न प्रक्षेत्रों का अवलोकन किया और नई तकनीकों के प्रति रुचि दिखाते हुए उन्हें अपनाने की इच्छा व्यक्त की।