बंद मिले आंगनबाड़ी केंद्रों पर होगी कठोर कार्रवाई, 20 अगस्त के निरीक्षण में 08 केंद्र मिले बंद
बंद मिले आंगनबाड़ी केंद्रों पर होगी कठोर कार्रवाई, 20 अगस्त के निरीक्षण में 08 केंद्र मिले बंद
देवरिया। जनपद देवरिया में आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था को लेकर बाल विकास विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। विभागीय अधिकारियों द्वारा प्रतिदिन सुबह 08 बजे क्षेत्र में नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान बंद पाए जाने वाले आंगनबाड़ी केंद्रों के खिलाफ अब कठोर कार्रवाई की तैयारी है।
विभाग के अनुसार पूर्व में बंद पाए गए केंद्रों की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को चेतावनी जारी की गई थी, लेकिन इसके बावजूद कुछ केंद्रों के संचालन में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। कई स्थानों पर समय से केंद्र नहीं खोले जा रहे हैं और पोषण ट्रैकर के माध्यम से उपस्थिति भी दर्ज नहीं की जा रही है।
पोषण ट्रैकर के माध्यम से ऐसे केंद्रों को भी चिन्हित किया गया है, जहां आंगनबाड़ी केंद्र से ही केंद्र खुलने की रिपोर्ट दर्ज नहीं की जा रही है तथा किसी अन्य स्थान से केंद्र संचालन की रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित बाल विकास परियोजना अधिकारियों को दोषी कार्यकत्रियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
20 अगस्त 2026 को विभिन्न अधिकारियों द्वारा किए गए निरीक्षण में कई आंगनबाड़ी केंद्र बंद अथवा संबंधित कर्मी अनुपस्थित पाए गए। इनमें भलुअनी क्षेत्र के ओझा परसिया की सुमन देवी, बृज किशोरी देवी, कन्हौली की सहायिका किरन, रामपुर कारखाना के डुमरी केंद्र की कार्यकत्री पूनम सिंह, सदर क्षेत्र के लाहिलपार की सरोज मिश्रा, मीना देवी, रीता देवी, बड़हरा की गीता देवी व खुशबुन्निशा, धटैला गाजी की अमलावती व अंजू देवी, भाटपाररानी के कोठिलवा की संगीता व रेखा तथा गौरी बाजार के लेड़हा की पूनम देवी और गीता देवी के विरुद्ध कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में लापरवाही, समय से केंद्र न खोलने और पोषण ट्रैकर पर सही जानकारी दर्ज नहीं करने को गंभीरता से लिया जाएगा। निरीक्षण व्यवस्था को लगातार जारी रखते हुए लापरवाही करने वाले कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।