Search for:
  • Home/
  • समाचार/
  • सलेमपुर में एसडीएम की सख्ती: ओवरब्रिज के नीचे अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, कब्जाधारियों में मचा हड़कंप

सलेमपुर में एसडीएम की सख्ती: ओवरब्रिज के नीचे अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, कब्जाधारियों में मचा हड़कंप

सलेमपुर में एसडीएम की सख्ती: ओवरब्रिज के नीचे अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, कब्जाधारियों में मचा हड़कंप

देवरिया। सलेमपुर कस्बे में बुधवार देर शाम प्रशासनिक सख्ती का नजारा उस वक्त देखने को मिला जब उपजिलाधिकारी (एसडीएम) दिशा श्रीवास्तव ने गांधी चौक चौराहे पर ओवरब्रिज के नीचे चल रहे अवैध निर्माणों पर कार्रवाई शुरू कर दी। लंबे समय से स्थानीय नागरिकों की शिकायत थी कि कुछ दुकानदारों ने ओवरब्रिज के नीचे पक्के निर्माण कर कब्जा जमा लिया है, जिससे आए दिन यातायात जाम की स्थिति बनती है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर मौके पर पहुंचीं एसडीएम ने एक-एक कर अवैध दुकानों का निरीक्षण किया और कब्जाधारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्माण हटाने का आदेश दिया। इस दौरान एक दुकानदार ने प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठाने की कोशिश की, तो एसडीएम ने सख्त लहजे में जवाब देते हुए कब्जा तुरंत हटाने और केवल ठेला लगाने की अनुमति दी।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि—

 “सार्वजनिक स्थानों पर कोई भी स्थायी निर्माण स्वीकार्य नहीं है। सड़क या पुल के नीचे कब्जा करना पूर्णतः अवैध है, चाहे वह किसी भी व्यक्ति द्वारा क्यों न किया गया हो।”

विरोध करने वाले दुकानदार पर जुर्माना लगाने का निर्देश दिया गया और दोबारा कब्जा करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

एसडीएम की इस आकस्मिक कार्रवाई से ओवरब्रिज के नीचे दुकानों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदारों ने अपने ठेले और सामान तुरंत हटा लिए। स्थानीय लोगों ने इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि प्रशासन की यह कार्रवाई यातायात व्यवस्था सुधारने और अतिक्रमण मुक्त सलेमपुर की दिशा में बड़ा कदम है।

सूत्रों के अनुसार, एसडीएम ने नगर पंचायत अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ओवरब्रिज और मुख्य मार्गों के नीचे या किनारे किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण भविष्य में न होने पाए, अन्यथा संबंधित विभागीय अधिकारियों पर भी जिम्मेदारी तय की जाएगी।

— रिपोर्ट: ग्रामीण न्यूज़ तेज नज़र, देवरिया

See also  रतनपुरा सविलियन विद्यालय के मुख्य गेट व चहारदीवारी उपेक्षाओं का शिकार

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required