थाने की अव्यवस्था पर एसपी सख्त: थानाध्यक्ष निलंबित, दो उपनिरीक्षक से स्पष्टीकरण तलब
थाने की अव्यवस्था पर एसपी सख्त: थानाध्यक्ष निलंबित, दो उपनिरीक्षक से स्पष्टीकरण तलब
देवरिया। जिले के एसपी संजीव सुमन ने बुधवार को श्रीरामपुर थाने के वार्षिक निरीक्षण के दौरान लापरवाही और अव्यवस्था देखकर कड़ा कदम उठाया। निरीक्षण में गंभीर खामियां उजागर होने पर एसपी ने देर रात थानाध्यक्ष कपिलदेव चौधरी को तत्काल निलंबित कर दिया। वहीं, दो उपनिरीक्षकों से जवाब तलब किया गया है।
अव्यवस्था, अधूरे रजिस्टर और शस्त्रागार में खामियां
एसपी सुबह अचानक थाने पहुंचे और अभिलेख कक्ष, हवालात, मालखाना, आरक्षी बैरक, शस्त्रागार, महिला सहायता कक्ष और भोजनालय का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण में रजिस्टर अधूरे मिले, अभिलेखों में गड़बड़ियां पाई गईं और कई पुलिसकर्मी अपने हथियारों व गोला-बारूद से जुड़ी बुनियादी जानकारी तक नहीं दे सके।
एसपी की सख्ती से थाने में हड़कंप
पूर्व में दिए गए आदेशों की अवहेलना और परिसर की गंदगी पर एसपी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यह गंभीर अनुशासनहीनता है। उन्होंने थानाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दिया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
कड़े निर्देश और चेतावनी
एसपी ने निर्देश दिए कि गश्त में किसी प्रकार की ढिलाई न हो, संदिग्धों की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखी जाए और जनता से संवाद बढ़ाने के लिए ग्राम चौपालों का आयोजन किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ बख्शा नहीं जाएगा।
अनुशासन पर जोर
एसपी ने कहा कि हर पुलिसकर्मी को अनुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना से कार्य करना होगा। निरीक्षण के बाद जिले के अन्य थानों में भी अभिलेख दुरुस्त करने और सफाई व्यवस्था सुधारने की हड़बड़ी मच गई है।