रसोइयों को मिली बड़ी सौगात, मानदेय ₹3 हजार और ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज की सुविधा
रसोइयों को मिली बड़ी सौगात, मानदेय ₹3 हजार और ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज की सुविधा
देवरिया, 23 अगस्त। प्रधानमंत्री पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत मिड-डे मील रसोइयों के सम्मान और स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर शनिवार को रसोइया सम्मान समारोह आयोजित किया गया। लखनऊ में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रसोइयों के हित में चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इसी क्रम में जनपद मुख्यालय एवं तहसील स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मुख्यमंत्री ने रसोइयों का मासिक मानदेय ₹2,000 से बढ़ाकर ₹3,000 प्रतिमाह किए जाने की घोषणा की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत रसोइयों को ₹5 लाख तक की निःशुल्क कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कैशलेस चिकित्सा कार्डों का प्रतीकात्मक वितरण किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 3.53 लाख से अधिक रसोइयों को इन योजनाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि रसोइयों के परिधान के लिए दिए जाने वाले अनुदान को ₹500 से बढ़ाकर ₹1,000 किया जाएगा। इसके अलावा भारतीय स्टेट बैंक के माध्यम से रसोइयों को ₹2 लाख का निःशुल्क दुर्घटना बीमा उपलब्ध कराने की घोषणा भी की गई।
देवरिया में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार रसोइया बहनों के सम्मान, कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि रसोइया विद्यालयों में बच्चों को भोजन उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य और पोषण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
विधायक ने रसोइयों से विद्यालयों में स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने रसोइयों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं भी दीं।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष/प्रशासक पंडित गिरीश चंद्र तिवारी ने कहा कि रसोइयों का योगदान केवल भोजन बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि वे बच्चों के स्वस्थ भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से दी गई सुविधाओं से रसोइयों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।
मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि रसोइयों के हित में लिए गए निर्णय संवेदनशील और दूरदर्शी हैं। मानदेय में वृद्धि और चिकित्सा सुविधा से रसोइयों एवं उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने कहा कि मध्यान्ह भोजन योजना के सफल संचालन में रसोइयों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने रसोइयों से विद्यालयों के रसोईघर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखते हुए स्वच्छता के साथ भोजन वितरण सुनिश्चित करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। इसके बाद रसोइयों को प्रतीकात्मक रूप से कैशलेस चिकित्सा कार्ड एवं बढ़े हुए मानदेय का प्रतीकात्मक चेक वितरित किया गया।
कार्यक्रम में एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह के प्रतिनिधि राजू मणि, खंड शिक्षा अधिकारी देवमुनि वर्मा सहित शिक्षक प्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में रसोइया उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन पंकज शुक्ला, उपेंद्र उपाध्याय एवं वशिष्ठ नारायण चौहान ने किया।