शहीद शिवानंद चौरसिया के परिजनों से राहुल गांधी ने की बात, हरसंभव मदद का दिया भरोसा
शहीद शिवानंद चौरसिया के परिजनों से राहुल गांधी ने की बात, हरसंभव मदद का दिया भरोसा
देवरिया। गल्फ ऑफ ओमान में अमेरिकी मिसाइल हमले में जान गंवाने वाले चालक दल के सदस्य शिवानंद चौरसिया के परिजनों से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने फोन पर बातचीत कर गहरी संवेदना व्यक्त की। युवा कांग्रेस नेता प्रियेश पांडेय के मोबाइल फोन के माध्यम से राहुल गांधी ने शहीद के भाई रामप्रवेश चौरसिया से बात की और परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि इस दुखद घटना से पूरे देश को गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है और न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।
परिजनों ने राहुल गांधी को घटना से जुड़ी जानकारी दी। इस पर राहुल गांधी ने दिवंगत शिवानंद चौरसिया को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश उनके योगदान और बलिदान को हमेशा याद रखेगा।
इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में पार्टी पूरी मजबूती के साथ परिवार के साथ खड़ी है। इस दौरान रजत सिंह सहित युवा कांग्रेस के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।