Search for:
  • Home/
  • समाचार/
  • हाई रिस्क गर्भवती का समुचित प्रबंधन जरूरी: सीएमओ

हाई रिस्क गर्भवती का समुचित प्रबंधन जरूरी: सीएमओ

हाई रिस्क गर्भवती का समुचित प्रबंधन जरूरी: सीएमओ

ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण के लिए चिकित्सकों, स्टाफ नर्स और एएनएम को दिया गया प्रशिक्षण

देवरिया, 7 मार्च 2026।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय स्थित धन्वंतरि सभागार में शनिवार को चिकित्सकों, स्टाफ नर्स और एएनएम के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने की। प्रशिक्षण में गर्भावस्था के दौरान उच्च जोखिम (हाई रिस्क) की स्थिति में गर्भवती महिलाओं के समुचित प्रबंधन और गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व जांच की जानकारी दी गई।
सीएमओ डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करना और गर्भवती महिलाओं को समय से सुरक्षित प्रसव की सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि कुशल प्रसव सहायक की मौजूदगी से मातृ मृत्यु दर में कमी आती है। साथ ही प्रसव संबंधी किसी भी जटिलता की स्थिति में महिला के घर के नजदीक आवश्यक प्रसव सेवाएं उपलब्ध होने से भी जोखिम कम किया जा सकता है। कुशल प्रसव सहायक वही होता है जो प्रसव के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्याओं को सही तरीके से संभाल सके।
दिल्ली के आईसीएमआर से आए प्रशिक्षक डॉ. संदीप ने कहा कि सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि हर गर्भवती महिला जोखिम की श्रेणी में हो सकती है, इसलिए सभी आवश्यक जांच समय से कराना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रसव पीड़ा के दौरान महिला और उसके परिजनों को साफ-सफाई और सुरक्षित प्रसव के लिए प्रेरित करना चाहिए।
महिला चिकित्सालय की चिकित्सक डॉ. सुमन ने कहा कि प्रत्येक प्रसव के समय कुशल सहायक की उपस्थिति सुनिश्चित होनी चाहिए। प्रसूति पीड़ा के दौरान महिला को ऐसी स्थिति में रखा जाए जिसमें उसे आराम महसूस हो। साथ ही प्रसव के तीसरे चरण का समुचित प्रबंधन जरूरी है ताकि प्रसव के बाद होने वाले अत्यधिक रक्तस्राव से बचाव किया जा सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में डिप्टी सीएमओ डॉ. अश्वनी पाण्डेय, डिप्टी सीएमओ डॉ. वाईपी यादव, जिला मातृ स्वास्थ्य परामर्शदाता विश्वनाथ मल्ल सहित चिकित्सक, स्टाफ नर्स और एएनएम उपस्थित रहीं।

See also  धरना प्रदर्शन का चौथा दिन, सड़क निर्माण में गुणवत्ता की मांग तेज

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required