राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार के लिए जागरूकता वाहन रवाना
राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार के लिए जागरूकता वाहन रवाना
देवरिया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवरिया के तत्वावधान में शनिवार को माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री धनेन्द्र प्रताप सिंह ने राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए जागरूकता वाहन को दीवानी न्यायालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश ने कहा कि लोक अदालत सुलह-समझौते का सशक्त माध्यम है, जिसके जरिए आमजन अपने सुलहनीय वादों का त्वरित निस्तारण करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि छोटे फौजदारी मामलों में भी आरोपी अपना जुर्म स्वीकार कर वाद समाप्त करा सकते हैं। “न्याय चला निर्धन के द्वार” की भावना के साथ यह प्रचार वाहन गांव-गांव जाकर लोगों को सुलभ और सस्ता न्याय उपलब्ध कराने तथा विधिक जानकारी देने का कार्य करेगा।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं सिविल जज (सीडी) श्रीमती शैलजा मिश्रा ने राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए सभी न्यायिक अधिकारियों और संबंधित विभागों से सहयोग की अपील की। उन्होंने बताया कि प्रचार वाहन के माध्यम से लोगों को अपने मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रस्तुत कर शीघ्र निस्तारण कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि लोक अदालत में धारा 138 एनआई एक्ट, बैंक वसूली वाद, मोटर दुर्घटना प्रतिकर याचिकाएं, पारिवारिक वाद, श्रम व भूमि अधिग्रहण मामले, विद्युत-जल व सर्विस संबंधी विवाद, राजस्व व सिविल वाद तथा प्री-लिटिगेशन मामलों का निस्तारण किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय बद्री विशाल पाण्डेय, पीठासीन अधिकारी मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण इफ्तिखार अहमद, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत मनोज कुमार तिवारी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मंजू कुमारी, सिविल जज (सीडी) विवेक कुमार सहित अन्य न्यायिक अधिकारी, लीगल डिफेंस काउंसिल, बैंक कर्मी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।