देवरिया: वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण, पीड़ित महिलाओं की सुरक्षा पर जोर
देवरिया: वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण, पीड़ित महिलाओं की सुरक्षा पर जोर
देवरिया, 9 मार्च। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवरिया के तत्वावधान में सोमवार को सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) शैलजा मिश्रा ने वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों के संरक्षण पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने सेंटर में रह रही चार संवासिनियों से बातचीत कर भोजन, पानी, स्वच्छता और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कार्मिक उपस्थिति रजिस्टर, स्टॉक रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों की भी जांच की और उन्हें व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
सचिव ने वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रबंधक नीतू भारती को सुरक्षा व्यवस्था में पाई गई कमियों को लेकर कड़े निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित सुरक्षा प्रभारी से समन्वय स्थापित कर पीड़ित महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए कहा।
शैलजा मिश्रा ने कहा कि पीड़ित महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित किया जाना चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिन महिलाओं को विधिक सहायता की आवश्यकता हो, उनके मामलों को चिन्हित कर अधिक से अधिक संख्या में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देवरिया के कार्यालय को संदर्भित किया जाए, ताकि उन्हें समय पर विधिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।