Search for:
  • Home/
  • समाचार/
  • लार में मोहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर

लार में मोहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर

लार (देवरिया)। आगामी मोहर्रम और ताजिया जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। एसडीएम ने स्पष्ट किया है कि पिछले वर्षों की किसी भी अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति नहीं होने दी जाएगी तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन द्वारा क्षेत्र में लगातार बैठकें आयोजित कर जनप्रतिनिधियों, ताजियादारों, धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों से संवाद स्थापित किया जा रहा है। अधिकारियों ने सभी पक्षों से आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

एसडीएम ने कहा कि मोहर्रम के दौरान निकलने वाले ताजिया जुलूसों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी प्रकार की भ्रामक या भड़काऊ सूचना फैलाकर माहौल खराब करने की कोशिशों को समय रहते रोका जा सके।

प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि किसी भी प्रकार की अफवाह, नारेबाजी, उकसाऊ पोस्ट अथवा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे की परंपरा को कायम रखते हुए त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करें। प्रशासन का उद्देश्य क्षेत्र में अमन-चैन बनाए रखना और सभी समुदायों के बीच विश्वास एवं सद्भाव को मजबूत करना है।

See also  महाकुंभ का सात समंदर पार चढ़ा खुमार,संगम की धरा पर पहुंचे मलेशिया-मॉरिशस,सिंगापुर-अफ्रीका संग अरब के मेहमान

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required