सीएचसी लार में स्वास्थ्य व्यवस्था बेपटरी, डीएम के औचक निरीक्षण में खुली कर्मचारियों की पोल
देवरिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लार में स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत उस समय उजागर हो गई जब जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी ने शुक्रवार सुबह अचानक अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में भारी अव्यवस्था और कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई। बड़ी संख्या में डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी से नदारद मिले, जिससे मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जिलाधिकारी ने जब उपस्थिति रजिस्टर और अस्पताल की व्यवस्थाओं की जांच की तो पाया कि तैनात स्टाफ में से केवल गिने-चुने कर्मचारी ही मौजूद थे, जबकि अधिकांश बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित थे। यह स्थिति सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने ओपीडी, दवा वितरण केंद्र, पैथोलॉजी लैब, टीकाकरण कक्ष, इमरजेंसी वार्ड और प्रसव कक्ष का जायजा लिया। अस्पताल की बदहाल व्यवस्था देखकर उन्होंने कड़ा रुख अपनाया और अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले और ड्यूटी से गायब रहने वाले कर्मचारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही और गैरजिम्मेदारी पर प्रशासन की जीरो टॉलरेंस नीति लागू रहेगी।
जनता पूछ रही है— जब अस्पतालों में डॉक्टर और कर्मचारी ही नहीं मिलेंगे, तो आम मरीजों को बेहतर इलाज कैसे मिलेगा? डीएम की कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।