पावरग्रिड–प्रशासन की साझेदारी से संवरेगा विद्यालय, मूलभूत सुविधाओं के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर
पावरग्रिड–प्रशासन की साझेदारी से संवरेगा विद्यालय, मूलभूत सुविधाओं के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर
देवरिया, 07 फरवरी।
पावरग्रिड कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड द्वारा कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत जनपद देवरिया के विकास खंड भटनी स्थित जिगिना दीक्षित कम्पोजिट विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इस परियोजना के अंतर्गत विद्यालय में सोलर लाइट, फर्नीचर तथा शौचालय निर्माण कार्य के लिए कुल 16.56 लाख रुपये की धनराशि व्यय की जाएगी।
परियोजना के सफल एवं सुचारु क्रियान्वयन के लिए शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी देवरिया एवं पावरग्रिड के महाप्रबंधक के मध्य एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेश सिंह ने कहा कि बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं का होना बेहद आवश्यक है। पावरग्रिड की इस पहल से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव, पावरग्रिड के उप महाप्रबंधक गौतम कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।