औचक निरीक्षण में खुली लापरवाही, अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस
औचक निरीक्षण में खुली लापरवाही, अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस
संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर वेतन रोकने के निर्देश, समय से कार्यालय पहुंचने और जनसुनवाई पर दिया जोर
देवरिया, 30 जून।
जनपद देवरिया के रामपुर कारखाना विकास खंड कार्यालय का मंगलवार सुबह जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकांश अधिकारी एवं कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी अनुपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पंचायत सचिव के संबंध में दूरभाष पर जानकारी ली गई। पंचायत सचिव ने स्वयं को फील्ड में होने की बात कही, जबकि इस संबंध में एडीओ पंचायत को कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई थी। वहीं बीएमएम भी कार्यालय से अनुपस्थित मिले। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की प्रगति रिपोर्ट मांगे जाने पर संबंधित अधिकारी संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके। मनरेगा कार्यों की प्रगति बताने के लिए भी कोई जिम्मेदार अधिकारी उपस्थित नहीं मिला।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि कारण बताओ नोटिस का संतोषजनक उत्तर नहीं दिया गया तो संबंधित अधिकारियों का वेतन रोका जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय से कार्यालय पहुंचने, नियमित जनसुनवाई करने तथा आमजन की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में अनुशासन और जवाबदेही से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीण न्यूज़ तेज नज़र पर देखिए इस औचक निरीक्षण की पूरी रिपोर्ट और जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की विशेष बाइट।