Search for:
  • Home/
  • समाचार/
  • डीएलपी प्रशिक्षण अभियान से भाजपा कार्यकर्ताओं को मिलेगा संगठन और विचारधारा का ज्ञान : पवन मिश्र

डीएलपी प्रशिक्षण अभियान से भाजपा कार्यकर्ताओं को मिलेगा संगठन और विचारधारा का ज्ञान : पवन मिश्र

देवरिया। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा, देवरिया की ओर से भाजपा कार्यालय औरा-चौरी में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म (डीएलपी) को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यकर्ताओं को डिजिटल माध्यम से प्रशिक्षण अभियान से जोड़ने एवं इसकी रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष पवन कुमार मिश्र ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन की विचारधारा, इतिहास और कार्यपद्धति से जोड़ने के उद्देश्य से डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म (डीएलपी) के माध्यम से पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान संचालित कर रही है। उन्होंने बताया कि संगठन द्वारा उपलब्ध कराए गए सरल मोबाइल एप के माध्यम से कार्यकर्ता अपने स्मार्टफोन पर वीडियो देखकर प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण में भाजपा का इतिहास, संगठन की पंचनिष्ठा, नमो ऐप की उपयोगिता तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों से संबंधित जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद कार्यकर्ताओं को प्रश्नों के उत्तर देने होंगे, जिसके सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर उन्हें डिजिटल प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा।

पवन कुमार मिश्र ने कहा कि यह अभियान “राष्ट्र प्रथम, संगठन सर्वोपरि” के मूल मंत्र पर आधारित है। इसका उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से जागरूक करने के साथ-साथ डिजिटल तकनीक के प्रति भी सक्षम बनाना है, ताकि वे संगठन की नीतियों और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से समाज के बीच पहुंचा सकें।

बैठक में भगवान यादव, मुकेश राय, विजेंद्र सिंह चौहान, अरुण मिश्र, रामेश्वर यादव, गोविंद कुशवाहा, गुड्डू यादव, सुशील सिंह, प्रदीप विश्वकर्मा, देवेंद्र राय तथा सुमंत चतुर्वेदी सहित किसान मोर्चा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

See also  हाई रिस्क गर्भवती का समुचित प्रबंधन जरूरी: सीएमओ

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required