Search for:
  • Home/
  • समाचार/
  • मईल थाना को मिले नए थानाध्यक्ष, विकास नाथ ने संभाली कमान

मईल थाना को मिले नए थानाध्यक्ष, विकास नाथ ने संभाली कमान

 

संवाददाता, देवरिया।
जनपद के मईल थाने में मंगलवार देर शाम नए थानाध्यक्ष के रूप में विकास नाथ ने विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने थाना परिसर का निरीक्षण किया तथा पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और अपराध नियंत्रण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

गौरतलब है कि इससे पूर्व मईल थाने की जिम्मेदारी संतोष कुमार सिंह के पास थी। प्रशासनिक आदेश के तहत हुए इस बदलाव के बाद अब विकास नाथ को मईल थाने की कमान सौंपी गई है।

मूल रूप से लखनऊ के निवासी विकास नाथ पुलिस विभाग में अपनी सख्त कार्यशैली, अनुशासित नेतृत्व और प्रभावी पुलिसिंग के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने गोरखपुर जनपद में लगभग छह वर्षों तक विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं। इस दौरान उन्होंने हरनहीं चौकी प्रभारी, उरुवा थानाध्यक्ष तथा बेलघाट थानाध्यक्ष के रूप में उल्लेखनीय कार्य किए।

बेलघाट थाने में लगभग साढ़े तेरह माह के कार्यकाल के दौरान उन्होंने अपराधियों के विरुद्ध कई प्रभावी अभियान चलाए। चर्चित पुलिस मुठभेड़ों में उनकी सक्रिय भूमिका रही, जिससे अपराधियों में कानून का भय बढ़ा और क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को मजबूती मिली। उनकी कार्यशैली को आमजन के साथ-साथ वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा भी सराहा गया।

कार्यभार संभालने के बाद विकास नाथ ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित और निष्पक्ष समाधान उनकी प्राथमिकता होगी। अपराध और अपराधियों के प्रति किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। उन्होंने लोगों से पुलिस का सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने की अपील की।

See also  सवर्ण एकता कमेटी सलेमपुर ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा यूजीसी काला बिल वापसी का ज्ञापन

क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि विकास नाथ के नेतृत्व में मईल थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगेगा। उनकी नियुक्ति को लेकर स्थानीय लोगों में सकारात्मक माहौल देखने को मिल रहा है।

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required