शिक्षा व्यवस्था पर ड्यूटी का असर बना चिंता का विषय
लार ब्लॉक के गौरी अमेठिया में शिक्षक संकुल की बैठक, शिक्षा व्यवस्था पर ड्यूटी का असर बना चिंता का विषय
लार ब्लॉक अंतर्गत न्याय पंचायत रोपन छपरा के संविलयन विद्यालय गौरी अमेठिया में दिनांक 23 दिसंबर को शिक्षक संकुल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के विद्यालयों की शैक्षणिक स्थिति को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित शिक्षकों एवं संकुल सदस्यों ने विद्यालयों में छात्र उपस्थिति, पठन-पाठन की गुणवत्ता, पाठ्यक्रम प्रगति एवं निपुण भारत मिशन से संबंधित विषयों पर विचार-विमर्श किया। इसी क्रम में शिक्षकों की एस.आई.आर. एवं बी.एल.ओ. ड्यूटी का मुद्दा प्रमुख रूप से उठाया गया।
बैठक में यह बात सामने आई कि कई विद्यालयों में एक ही विद्यालय से दो-दो शिक्षकों की बी.एल.ओ. ड्यूटी लगाए जाने के कारण नियमित शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। इसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। ग्रामीणों एवं अभिभावकों के बीच भी यह चर्चा है कि विद्यालयों में पहले की अपेक्षा पढ़ाई कम हो रही है, जिससे बच्चों की शैक्षणिक प्रगति बाधित हो रही है।

सदस्यों ने इस स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए सुझाव दिया कि प्रशासन स्तर पर ऐसी व्यवस्था की जाए जिससे आवश्यक ड्यूटी के साथ-साथ विद्यालयों में शिक्षण कार्य भी सुचारु रूप से चलता रहे। बैठक में इस विषय को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने पर सहमति बनी, ताकि बच्चों की शिक्षा व्यवस्था को नुकसान न पहुंचे।बैठक में इकबाल अहमद, मोहम्मद आफताब आलम, मोहम्मद मुस्तकीम, सीमा खातून, रीना देवी, मनीष सिंह, किरण विश्वकर्मा, पुष्पा यादव, विजया कुमारी, देवेंद्र कुमार, मंजू कुमारी, मनोज कुमार, सूर्यनारायण दुबे, अजय कुमार, अजबुन खातून, धर्मेंद्र कुमार सहित न्याय पंचायत के तमाम शिक्षक एवं शिक्षा मित्र उपस्थित रहे।
बैठक का समापन शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार हेतु सामूहिक प्रयास के संकल्प के साथ किया गया।