जिलाधिकारी ने की प्रोबेशन एवं महिला कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा
जिलाधिकारी ने की प्रोबेशन एवं महिला कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा
देवरिया, 15 मई।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रोबेशन एवं महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित सभी इकाइयों की समेकित समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने विभाग द्वारा संचालित समस्त योजनाओं एवं कार्यक्रमों को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बाल श्रम, बाल विवाह, दहेज प्रथा एवं घरेलू हिंसा जैसे मामलों में सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई किए जाने पर जोर दिया। उन्होंने बाल विवाह और बाल श्रम पर नियंत्रण के लिए कठोर कदम उठाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन पर बल देते हुए कहा कि इससे लोगों के व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में ऐसे कार्यक्रम आयोजित हों, वहां उनके प्रभाव का भी मूल्यांकन किया जाए।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए महिला एवं बाल अपराधों में कमी लाने के लिए निरंतर प्रयास करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देशित किया कि किसी भी निर्माण कार्य को सीधे न कराकर पीडब्ल्यूडी अथवा आरएलडी के माध्यम से कराया जाए तथा बजट की उपलब्धता एवं व्यय का पूरा विवरण उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में कन्या जन्मोत्सव, सुकन्या समृद्धि योजना सहित विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए बेहतर कार्य करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक में जिला बाल संरक्षण इकाई, चाइल्ड हेल्पलाइन, राजकीय दत्तक ग्रहण इकाई, बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड, वन स्टॉप सेंटर, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना, कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना सहित विभिन्न योजनाओं एवं इकाइयों की समीक्षा की गई।
इससे पूर्व जिलाधिकारी ने वन स्टॉप सेंटर एवं बाल कल्याण कार्यालय का निरीक्षण कर वहां की आधारभूत सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल सोनकर, बाल कल्याण अधिकारी जे.पी. तिवारी, सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष सावित्री राय, अमित उपाध्याय सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।