बरहज तहसील में अधिवक्ताओं के कार्य बहिष्कार पर वार्ता, मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन
बरहज तहसील में अधिवक्ताओं के कार्य बहिष्कार पर वार्ता, मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन
खबर:
देवरिया, 24 अप्रैल 2026। तहसील बरहज में स्व. विजेंद्र सिंह (अधिवक्ता) के निधन के बाद 6 अप्रैल 2026 से चल रहे अधिवक्ताओं के कार्य बहिष्कार को लेकर शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी देवरिया और बार एसोसिएशन तहसील बरहज के पदाधिकारियों के बीच अहम वार्ता हुई।
बैठक में बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी द्वारा प्रस्तुत मांग पत्र के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिवक्ताओं ने प्राथमिकी के आधार पर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, घटना स्थल पर मौजूद लोगों के मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराने तथा पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच कराने की मांग की।
इसके अलावा पीड़ित परिवार को 5 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, परिजनों को स्थायी सुरक्षा उपलब्ध कराने और संघ के अध्यक्ष को तत्काल दो सुरक्षाकर्मी दिए जाने की भी मांग उठाई गई। साथ ही हल्का लेखपाल, राजस्व निरीक्षक एवं सचिव के निलंबन की मांग भी अधिवक्ताओं ने रखी।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिवक्ताओं की सभी मांगों को गंभीरता से सुना और नियमानुसार उचित माध्यम से आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने वादकारियों के हित को ध्यान में रखते हुए अधिवक्ताओं से कार्य बहिष्कार समाप्त करने का आग्रह भी किया।
हालांकि, अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं होती, तब तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।