Search for:
  • Home/
  • समाचार/
  • श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ एवं विग्रह प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव

श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ एवं विग्रह प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव

श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ एवं विग्रह प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव

स्थान: बनकटाशिव, सल्लहपुर, देवरिया

दिनांक: 16 फरवरी 2026
बनकटाशिव, सल्लहपुर (देवरिया) में आयोजित श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ एवं विग्रह प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दूसरे दिन सोमवार प्रातः 7 बजे से ही श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर के समीप बने भव्य एवं विशाल यज्ञ मंडप में वैदिक मंत्रोच्चार और श्रद्धा की गूंज के बीच कार्यक्रम की शुरुआत हुई।


यज्ञाचार्य पंडित रंगनाथ तिवारी जी के नेतृत्व में 27 विद्वान आचार्यों ने विधि-विधानपूर्वक पूजन एवं यज्ञ अनुष्ठान प्रारंभ किया। यज्ञ के प्रमुख यजमान डॉ. नंद किशोर तिवारी सपत्नीक उपस्थित रहकर आहुति एवं पूजन में सम्मिलित हुए। ग्रामीण अंचल की युवतियां, महिलाएं, बच्चे एवं बुजुर्ग श्रद्धा भाव से यज्ञ मंडप की परिक्रमा करते रहे। अहर्निश चल रही इस परिक्रमा ने पूरे वातावरण को भक्ति रस से सराबोर कर दिया। मंडप में आचार्यों द्वारा निरंतर चतुर्वेद पाठ किया जा रहा है, जिसकी पावन ऋचाओं से समूचा क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा से आलोकित हो उठा।
दोपहर 1:00 बजे अयोध्या धाम से पधारी पूज्यनीय लक्ष्मीप्रिया जी द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया गया। कथा व्यास ने आत्मदेव ब्राह्मण के जन्म एवं उनके पुण्य प्रसंग का अत्यंत भावपूर्ण एवं विस्तारपूर्वक वर्णन किया। कथा श्रवण करते हुए उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।


सायं 6:00 बजे आयोजित भजन संध्या में भागलपुर (बिहार) से पधारे सुप्रसिद्ध भजन गायक राजीव सिंह जी ने अपनी मधुर प्रस्तुति से समां बांध दिया। “फिर कौन बिगाड़ेगा जब राम सहारा है”, “तेरा पल-पल है अनमोल रे साधो” तथा “तुझसे अरज भोलेनाथ हमारी” जैसे भजनों ने पंडाल में उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
दोपहर कथा सत्र के दौरान मुख्य अतिथि श्री गिरीश चंद्र तिवारी (जिला पंचायत अध्यक्ष, देवरिया) तथा सायंकाल भजन संध्या में विशिष्ट अतिथि श्री क्रांति सिंह (नगर पंचायत अध्यक्ष, पथरदेवा) का सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।

See also  अशफ़ाकउल्ला ख़ान — एकता, त्याग और आज़ादी की मिसाल

कार्यक्रम के प्रमुख आयोजक श्री प्रभात कुमार राय ने दूर-दराज से पधारे संतों, श्रद्धालुओं, अतिथियों एवं आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी कार्यकर्ताओं के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
पूरे क्षेत्र में इस भव्य महायज्ञ के माध्यम से धर्म, आस्था और सामाजिक एकता का अनुपम संदेश प्रसारित हो रहा है।

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required