डीएम ने की श्रम, सेवायोजन, कौशल विकास एवं आईटीआई विभागों की समीक्षा
डीएम ने की श्रम, सेवायोजन, कौशल विकास एवं आईटीआई विभागों की समीक्षा
युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर जोर, सभी सात राजकीय आईटीआई में हर माह कम से कम दो रोजगार मेले कराने के निर्देश
देवरिया, 07 सितंबर। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कलेक्ट्रेट कार्यकक्ष में श्रम, सेवायोजन, कौशल विकास एवं आईटीआई से जुड़े विभागों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने वाली योजनाओं का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कौशल विकास और आईटीआई युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करने वाले महत्वपूर्ण विभाग हैं। इसलिए प्रशिक्षण की गुणवत्ता के साथ-साथ योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाए। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
आईटीआई में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण पर जोर
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया कि सभी ट्रेडों में प्रशिक्षण की गुणवत्ता बेहतर बनाई जाए। प्रशिक्षणार्थियों को संबंधित ट्रेड में व्यावहारिक एवं तकनीकी रूप से दक्ष बनाया जाए, जिससे प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
उन्होंने कहा कि केवल प्रशिक्षण देना ही पर्याप्त नहीं है। युवाओं को बाजार की वर्तमान आवश्यकता के अनुरूप कौशल प्रदान करना जरूरी है, ताकि वे प्रशिक्षण के बाद सीधे रोजगार के योग्य बन सकें।
हर माह होंगे कम से कम दो रोजगार मेले
कौशल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिक से अधिक युवाओं को कौशल विकास योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने युवाओं की रुचि और स्थानीय रोजगार की संभावनाओं के अनुसार रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि जनपद के सभी सात राजकीय आईटीआई में प्रत्येक माह कम से कम दो रोजगार मेलों का आयोजन कराया जाए। रोजगार मेलों में अधिक से अधिक युवाओं के साथ निजी क्षेत्र के प्रतिष्ठानों और रोजगारदाताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने कहा कि रोजगार मेलों के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे और प्रशिक्षण पूरा कर चुके युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
श्रमिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश
श्रम विभाग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने श्रमिकों के हित में संचालित योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा पात्र श्रमिकों को अधिक से अधिक लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने श्रमिकों के पंजीयन में तेजी लाने और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का हितलाभ समय से उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को विभागीय योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए प्रगति में सुधार लाने तथा युवाओं को प्रशिक्षण, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में आईटीआई देवरिया के प्रधानाचार्य सहित जनपद के अन्य राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्य, कौशल विकास विभाग के अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।