इंस्पायर अवार्ड की तैयारियों के बीच BEO ने परखी शैक्षिक गुणवत्ता
इंस्पायर अवार्ड की तैयारियों के बीच BEO ने परखी शैक्षिक गुणवत्ता
संविलियन विद्यालय खरवनिया नवीन में बच्चों के बीच पहुंचकर बीईओ अमित कुमार सिंह ने दिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के टिप्स
लार, देवरिया।
इंस्पायर अवार्ड की तैयारियों के बीच दिनांक 10 सितंबर 2026 को खण्ड शिक्षा अधिकारी श्री अमित कुमार सिंह ने क्षेत्र लार स्थित संविलियन विद्यालय खरवनिया नवीन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में शैक्षिक गुणवत्ता, बच्चों की नियमितता तथा LBD (लर्निंग बेस्ड डेवलपमेंट) के प्रभावी प्रयोग को लेकर शिक्षकों और विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

खण्ड शिक्षा अधिकारी ने कक्षा छठवीं, सातवीं एवं आठवीं में स्वयं कक्षाएं लेकर बच्चों से संवाद किया और उनके शैक्षिक स्तर को समझने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए नियमित उपस्थिति, कक्षा में सक्रिय सहभागिता और गतिविधि आधारित शिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
श्री प्रमोद कुमार की कक्षा में उन्होंने बच्चों से संत नामदेव जी के संबंध में जानकारी ली। इसके साथ ही बच्चों द्वारा तैयार किए गए सोलर सिस्टम आधारित प्रोजेक्ट को देखा और उससे संबंधित प्रश्न पूछकर विद्यार्थियों की समझ को परखा।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में संचालित मध्याह्न भोजन (MDM) की गुणवत्ता का भी जायजा लिया गया। विद्यालय परिसर में लगाए गए आंवला, आम, अमरूद, जामुन, कटहल, तुलसी, सागौन, यूकेलिप्टस सहित फूलों में कनेर, गुड़हल, चमेली, सदाबहार, रातरानी और गंधराज आदि पौधों का भी निरीक्षण किया गया। बीईओ ने पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी LBD एवं ईको क्लब के सदस्यों को सौंपने के निर्देश दिए।

बच्चों के बीच पहुंचकर खण्ड शिक्षा अधिकारी ने उनके साथ सहजता से संवाद किया और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित किया। इंस्पायर अवार्ड की तैयारियों के दौरान विद्यार्थियों ने अपने हुनर और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। श्रेया यादव, श्रेया शर्मा, रेहान और जिम्मी सहित अन्य बच्चों ने अपनी प्रतिभा और हंसी-मजाक के अंदाज से माहौल को खुशनुमा बना दिया।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक श्री इन्द्रसेन गुप्ता के नेतृत्व में सहायक अध्यापक श्री संदीप कुमार, श्री अंकित सिंह, श्री आशुतोष सिंह तथा शिक्षा मित्र श्रीमती सुमन यादव ने अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए इंस्पायर अवार्ड की तैयारियों को गति देने में सहयोग किया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में बच्चों की सक्रियता, शिक्षकों की सहभागिता और विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों को देखकर खण्ड शिक्षा अधिकारी ने आवश्यक मार्गदर्शन दिया तथा विद्यालय में शैक्षिक गुणवत्ता को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।