2.29 लाख बच्चों को लगेगा एमआर टीका : सीएमओ
2.29 लाख बच्चों को लगेगा एमआर टीका : सीएमओ
देवरिया, 16 फरवरी 2026
जिले में खसरा-रूबेला से बचाव के लिए एमआर टीकाकरण अभियान की शुरुआत नगर के न्यू कॉलोनी स्थित गुरु गोविन्द सिंह प्राथमिक विद्यालय से की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अनिल कुमार गुप्ता और बेसिक शिक्षा अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव ने फीता काटकर अभियान का शुभारम्भ किया। इस दौरान कक्षा एक से पांच तक के बच्चों का टीकाकरण किया गया।
सीएमओ ने बताया कि 27 फरवरी तक चलने वाले इस अभियान में जिले के 3039 स्कूलों और मदरसों के 5 से 10 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 2.29 लाख बच्चों को एमआर वैक्सीन लगाई जाएगी। प्रत्येक एएनएम को प्रतिदिन 100 से 125 बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य दिया गया है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से एमआर टीका लगवाएं।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ एसके सिन्हा ने बताया कि टीमें स्कूलों में एक दिन पूर्व सूचना देंगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी बच्चे को खाली पेट टीका न लगे। मिड-डे मील या लंच के बाद ही वैक्सीन दी जाएगी। अभियान की दैनिक रिपोर्टिंग यू-विन पोर्टल पर की जाएगी।
अधिकारियों ने कहा कि एमआर टीकाकरण से बच्चों को खसरा-रूबेला जैसी गंभीर बीमारियों से बचाया जा सकता है। खसरा के लक्षणों में तेज बुखार, खांसी, नाक बहना, आंखों का लाल होना और शरीर पर चकत्ते शामिल हैं। जिले को खसरा-रूबेला मुक्त बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों से सहयोग की अपील की गई।
कार्यक्रम में अरबन नोडल अधिकारी डॉ आरपी यादव, डीपीएम पूनम, डीसीपीएम राजेश गुप्ता, एआरओ राकेश चंद, डीएमएचसी विश्वनाथ मल्ल, लालबचन चौधरी सहित सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।