निर्वाचन तैयारियों का आकलन, शुद्ध मतदाता सूची व निष्पक्ष चुनाव पर जोर
निर्वाचन तैयारियों का आकलन, शुद्ध मतदाता सूची व निष्पक्ष चुनाव पर जोर
देवरिया, 4 जनवरी। जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में निर्वाचन संबंधी कार्यों को लेकर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान चुनाव प्रक्रिया से संबंधित तार्किक विसंगतियों (लॉजिकल डिस्क्रेपेन्सीज़) तथा निर्धारित प्रारूप में प्राप्त आंकड़ों की गहन समीक्षा की गई।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और शुद्धता बनाए रखने पर विशेष बल देते हुए कहा कि सभी संबंधित अधिकारी सूचनाओं का समय पर संग्रहण और सत्यापन सुनिश्चित करें, जिससे आगामी निर्वाचन कार्य बिना किसी बाधा के और त्रुटिरहित तरीके से संपन्न हो सके। उन्होंने मतदाता सूची एवं निर्वाचन अभिलेखों में पाई जा रही कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश भी दिए।
में
श्रीमती मित्तल ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य के प्रत्येक चरण में आपसी समन्वय बेहद आवश्यक है और किसी भी स्तर पर सूचना या डेटा से जुड़ी चूक नहीं होनी चाहिए। निर्वाचन तैयारियों को अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री प्रेम नारायण सिंह सहित चुनाव कार्य से जुड़े सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने-अपने विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी साझा की।
बैठक के समापन पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्वाचन कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध, सटीक एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।