एसआईआर-2026 मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप, एक ही मकान में जोड़े गए सात फर्जी मतदाता
एसआईआर-2026 मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप, एक ही मकान में जोड़े गए सात फर्जी मतदाता
देवरिया।
एसआईआर-2026 के तहत प्रकाशित मतदाता सूची में गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। अबूबकर नगर, देवरिया निवासी अंजुम रहमान ने आरोप लगाया है कि उनके मकान संख्या 501 में बिना किसी सत्यापन के सात अन्य मतदाताओं के नाम जोड़ दिए गए हैं, जिनका उनके परिवार या मकान से कोई संबंध नहीं है।
अंजुम रहमान के अनुसार मतदाता सूची में उनके मकान संख्या 501 पर उनकी पत्नी फातमा अंजुम, माता बृजेश जोहरा, भाई सम्सी रहमान एवं भाभी साजिया रहमान के अतिरिक्त विनोद मद्धेशिया, बिंदु देवी, अशोक कुमार, मंशी देवी, आदित्य सिंह, मीरा सिंह एवं दुर्गेश कुमार गुप्ता के नाम दर्ज कर दिए गए हैं।
पीड़ित का कहना है कि वे इन सातों व्यक्तियों को नहीं जानते और न ही ये लोग कभी उनके मकान में रहे हैं। खास बात यह है कि वर्ष 2003 की एसआईआर मतदाता सूची में इन सातों मतदाताओं का नाम इस पते पर दर्ज नहीं था।
इस मामले को लेकर अंजुम रहमान ने जिला निर्वाचन अधिकारी देवरिया को लिखित शिकायत सौंपकर जांच कराने की मांग की है। उन्होंने सवाल उठाया है कि इन मतदाताओं का सत्यापन किस आधार पर किया गया और किसकी सांठगांठ से उनके मकान संख्या पर नाम जोड़े गए।
पीड़ित ने मतदाता सूची को शीघ्र दुरुस्त कराने और दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामला सामने आने के बाद चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।