Search for:
  • Home/
  • समाचार/
  • कृषि मंत्री ने किसान मेले में कृषि प्रदर्शनी का किया उद्घाटन

कृषि मंत्री ने किसान मेले में कृषि प्रदर्शनी का किया उद्घाटन

कृषि मंत्री ने किसान मेले में कृषि प्रदर्शनी का किया उद्घाटन

लाभार्थियों को मिले प्रमाण पत्र व आयुष्मान कार्ड

देवरिया, 25 जनवरी।
उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दूसरे दिन जनपद देवरिया के राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के मुख्य आतिथ्य में जनपद स्तरीय किसान मेला एवं कृषि प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। कृषि मंत्री ने प्रदर्शनी का उद्घाटन कर विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया।
अपने संबोधन में कृषि मंत्री श्री शाही ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीक को अपनाना जरूरी है। उन्होंने कृषि और मत्स्य पालन को स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार किसानों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान कृषि एवं मत्स्य विभाग की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क इलाज हेतु आयुष्मान कार्ड भी प्रदान किए गए।
मुख्य विकास अधिकारी के नवाचार एवं व्यक्तिगत प्रयास से जनपद की स्थानीय हल्दी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘देव हल्दी’ नामक नए उत्पाद का शुभारंभ किया गया, जिसकी किसानों एवं जनप्रतिनिधियों ने सराहना की। इस अवसर पर छह माह के बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया तथा गर्भवती महिलाओं को पुष्टाहार वितरित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।
सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन योजना के तहत फार्म मशीनरी बैंक की स्थापना के लिए 40 प्रतिशत अनुदान पर चयनित कृषकों को ट्रैक्टर की प्रतीकात्मक चाबी सौंपी गई। वहीं प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के लाभार्थियों को भी स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन पंकज शुक्ला ने किया।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, उपायुक्त मनरेगा आलोक पांडे, परियोजना निदेशक अनिल कुमार, उप निदेशक कृषि सुभाष मौर्य, जिला कृषि अधिकारी उदय शंकर सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य विजय मिश्र, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

See also  समृद्धि और खुशहाली का त्यौहार है दीपावली- भूपेंद्र सिंह

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required