देवरिया में चिकित्सक के साथ रेस्टोरेंट में शर्मनाक बर्ताव, पनीर राइस में निकली हड्डी — विरोध पर जान से मारने की धमकी, एसपी ने दिए जांच के आदेश
देवरिया में चिकित्सक के साथ रेस्टोरेंट में शर्मनाक बर्ताव, पनीर राइस में निकली हड्डी — विरोध पर जान से मारने की धमकी, एसपी ने दिए जांच के आदेश
देवरिया। शहर के आरटीओ कार्यालय के पास स्थित जफरांश फैमिली रेस्टोरेंट में बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब एक चिकित्सक को परोसे गए पनीर राइस में मांस की हड्डी का टुकड़ा मिला। मामला यहीं नहीं थमा — जब चिकित्सक ने इसका विरोध किया तो रेस्टोरेंट संचालक और कर्मचारियों ने उनसे अभद्रता करते हुए मारपीट का प्रयास किया और बाद में फोन पर जान से मारने की धमकी तक दे डाली।
सूत्रों के अनुसार, खुखुंदू निवासी डॉ. शैलेन्द्र कुमार मौर्य अपने भतीजे आकाश मौर्य के साथ बुधवार को ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने देवरिया आए थे। शाम करीब चार बजे दोनों भोजन के लिए आरटीओ कार्यालय के पास स्थित जफरांश फैमिली रेस्टोरेंट पहुंचे। शाकाहारी होने के कारण उन्होंने पनीर राइस का ऑर्डर दिया।
भोजन करते समय डॉ. मौर्य की थाली में हड्डी का टुकड़ा मिला, जिसे देखकर वे सन्न रह गए। उन्होंने तुरंत स्टाफ से शिकायत की और स्पष्टीकरण मांगा। इस पर रेस्टोरेंट संचालक और आधा दर्जन कर्मचारी भड़क उठे और डॉक्टर के साथ गाली-गलौज करने लगे। बात इतनी बढ़ गई कि कर्मचारियों ने मारपीट का प्रयास किया।
स्थिति बिगड़ते देख डॉ. मौर्य ने तत्काल 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डॉक्टर व उनके भतीजे को सुरक्षित बाहर निकाला। लेकिन विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ — देर शाम जब डॉ. मौर्य अपने गांव लौट रहे थे, तभी रेस्टोरेंट संचालक ने उन्हें फोन कर जान से मारने की धमकी दी।
डॉ. मौर्य ने घटना की लिखित शिकायत पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन से की है। उन्होंने बताया, “मैं शाकाहारी हूं, मेरे साथ यह सीधा विश्वासघात है। विरोध करने पर मुझे और मेरे भतीजे को धमकाया गया। मुझे अपनी सुरक्षा की चिंता है।”
एसपी संजीव सुमन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा, “मामले की जांच कराई जा रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
इस घटना के बाद शहर में आक्रोश फैल गया है। लोगों का कहना है कि रेस्टोरेंटों में इस तरह की लापरवाही और ग्राहकों के साथ अभद्रता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जा सकती।
स्थानीय लोगों की मांग: प्रशासन दोषियों पर जल्द से जल्द कार्रवाई करे ताकि भविष्य में कोई भी व्यापारी या रेस्टोरेंट संचालक ग्राहकों के साथ ऐसा दुस्साहस करने की हिम्मत न जुटा सके।