देवरिया में सिविल डिफेंस के तहत भर्ती, विभिन्न ब्लॉकों में लगेगा शिविर
देवरिया में सिविल डिफेंस के तहत भर्ती, विभिन्न ब्लॉकों में लगेगा शिविर
देवरिया। जनपद में बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर सामने आया है। सिविल डिफेंस के तहत सुरक्षा सैनिक, सुपरवाइजर एवं अधिकारी पदों पर भर्ती के लिए जिले के सभी विकास खण्डों में तिथिवार भर्ती शिविर आयोजित किए जाएंगे। यह भर्ती एसआईएस इंडिया लिमिटेड के तत्वाधान में की जा रही है।
उप जिलाधिकारी देवरिया एवं सलेमपुर ने बताया कि जनपद के समस्त विकास खण्ड मुख्यालयों पर शिविर लगाकर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। खास बात यह है कि कोई भी अभ्यर्थी अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी ब्लॉक में आयोजित शिविर में शामिल हो सकता है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 अप्रैल को सलेमपुर, 16 अप्रैल को बरहज, 17 अप्रैल को भटनी, 18 अप्रैल को भलवनी, 20 अप्रैल को भागलपुर, 21 अप्रैल को लार, 22 अप्रैल को पथरदेवा, 23 अप्रैल को रामपुर कारखाना, 24 अप्रैल को तरकुलवा, 25 अप्रैल को बैतालपुर तथा 27 अप्रैल को गौरीबाजार ब्लॉक में भर्ती शिविर आयोजित किए जाएंगे।
डिप्टी कमांडेंट रजनीश कुमार राय ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को जौनपुर ट्रेनिंग सेंटर भेजा जाएगा, जहां एक माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के उपरांत अभ्यर्थियों को देश के विभिन्न स्थानों जैसे लखनऊ, वाराणसी, अयोध्या आदि में स्थित प्रतिष्ठित संस्थानों, होटलों, मंदिरों, रेलवे, मेट्रो एवं अस्पतालों में सुरक्षा कार्य के लिए तैनात किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा सैनिक पद के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता हाईस्कूल तथा सुपरवाइजर पद के लिए इंटरमीडिएट उत्तीर्ण होना आवश्यक है। अभ्यर्थी की आयु 19 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। सुरक्षा सैनिक के लिए न्यूनतम लंबाई 167.5 सेमी तथा सुपरवाइजर के लिए 170 सेमी निर्धारित की गई है। इसके अतिरिक्त सीना 80-85 सेमी तथा वजन 56 से 90 किलोग्राम होना चाहिए।
चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण के दौरान ₹350 का ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। नौकरी के दौरान कर्मचारियों को पीएफ, ईएसआई एवं ग्रेच्युटी जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथियों में अपने नजदीकी विकास खण्ड में पहुंचकर साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 8957008937 एवं 9079332552 पर संपर्क किया जा सकता है।