देवरिया: 76 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू, 5 मई तक आवेदन
देवरिया: 76 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू, 5 मई तक आवेदन
देवरिया, 24 अप्रैल। जनपद की 76 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक/एकाउंटेंट कम डाटा एंट्री ऑपरेटर के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि भर्ती के लिए विस्तृत समय-सारिणी जारी कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि पंचायत सहायकों के माध्यम से ग्राम सचिवालयों का संचालन सुचारु रूप से किया जा रहा है। यहां जन सेवा केंद्रों के जरिए ग्रामीणों को आय, जाति, निवास सहित लगभग 280 प्रकार की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) और ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) की ऑनलाइन फीडिंग में भी पंचायत सहायकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
जिलाधिकारी ने कहा कि कुछ स्थानों पर पंचायत सहायकों के त्यागपत्र देने या अनुपस्थित रहने के कारण कार्य प्रभावित हो रहा था। ऐसे में रिक्त पदों को भरने के लिए चयन प्रक्रिया शुरू की गई है, जिससे ग्राम सचिवालयों की कार्यप्रणाली को और मजबूत बनाया जा सके।
ऐसे होगी भर्ती प्रक्रिया
जारी कार्यक्रम के अनुसार, 5 मई 2026 तक आवेदन पत्र ग्राम पंचायत, विकास खंड कार्यालय एवं जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में जमा किए जा सकेंगे। 6 से 11 मई के बीच प्राप्त आवेदन संबंधित ग्राम पंचायतों को उपलब्ध कराए जाएंगे।
इसके बाद 12 से 19 मई तक मेरिट सूची तैयार कर प्रशासनिक समिति से अनुमोदन कराया जाएगा और इसे विकास खंड व जिला स्तरीय समिति को भेजा जाएगा। 20 से 26 मई तक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा आवेदन पत्रों का परीक्षण किया जाएगा। अंततः 27 से 29 मई के बीच चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे।
इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र भरकर व्यक्तिगत रूप से या रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से संबंधित कार्यालयों में जमा कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों एवं सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) को निर्देश दिए हैं कि चयन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए।