धूमधाम से मनाया गया प्रदेश का 77वां स्थापना दिवस
धूमधाम से मनाया गया प्रदेश का 77वां स्थापना दिवस
देवरिया | 24 जनवरी
उत्तर प्रदेश के 77वें स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी), देवरिया परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी, विभागीय स्टॉल, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं लाभार्थी वितरण समारोह आयोजित हुए, जिसने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम्य विकास राज्यमंत्री श्रीमती विजय लक्ष्मी गौतम, भाटपारानी विधायक सभाकुंवर, सांसद सलेमपुर प्रतिनिधि राम प्रकाश यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष भाजपा राजेश मिश्र एवं जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल द्वारा दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
इसके पश्चात विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।
प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर : राज्यमंत्री
राज्यमंत्री श्रीमती विजय लक्ष्मी गौतम ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक गौरव एवं विकासात्मक उपलब्धियों को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंच रही हैं और प्रदेश निरंतर प्रगति कर रहा है।
योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सहायक : डीएम
जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल ने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन शासन की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए सूचना, जागरूकता एवं लाभपरक स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
सम्मान व लाभ वितरण
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों को बुके भेंट कर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र, प्रशस्ति पत्र, चेक एवं अन्य लाभ वितरित किए गए।
प्रमुख रूप से रहे उपस्थित
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, सहित जिला स्तरीय अधिकारीगण, भाजपा मीडिया प्रभारी प्रभाकर तिवारी व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।