स्व. भद्रसेन सिंह की पुण्यतिथि से पूर्व भव्य शैक्षणिक आयोजन, बृजभूषण सिंह का संबोधन
स्व. भद्रसेन सिंह की पुण्यतिथि से पूर्व भव्य शैक्षणिक आयोजन, बृजभूषण सिंह का संबोधन
उपमुख्यमंत्री के आगमन से पहले सड़क निर्माण अधूरा, ग्रामीणों की उम्मीदों को झटका
रोपन छपरा (देवरिया)
स्वर्गीय भद्रसेन सिंह की पुण्यतिथि से एक दिन पूर्व, दिनांक 19 जनवरी को हर वर्ष की भांति रूपचंद हाई स्कूल, रोपन छपरा में विज्ञान प्रदर्शनी, बाल वाद–विवाद प्रतियोगिता एवं अन्य शैक्षणिक–सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र–छात्राएं, शिक्षक, अभिभावक और ग्रामीण मौजूद रहे।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ व चर्चित नेता बृजभूषण सिंह मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए।

उनके हेलीकॉप्टर के रोपन छपरा में उतरते ही क्षेत्र में उत्साह का माहौल बन गया और भारी संख्या में लोग उन्हें देखने व स्वागत करने पहुंच गए। समर्थकों ने फूल–मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया।
मंच से बच्चों और उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए बृजभूषण सिंह ने कहा,

“जो समय को पहचान लेता है और हमेशा अच्छी संगत में रहता है, सफलता उसके कदम चूमती है। असफल लोगों की संगत से दूर रहकर ज्ञानवान और सकारात्मक लोगों के साथ आगे बढ़ना चाहिए।”
उन्होंने बच्चों द्वारा प्रस्तुत विज्ञान मॉडलों और प्रतियोगिताओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के बौद्धिक और नैतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इधर, कल होने वाली स्व. भद्रसेन सिंह की पुण्यतिथि पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के प्रस्तावित आगमन को लेकर ग्रामीणों में वर्षों से रुके सड़क निर्माण को लेकर एक आस जगी थी। लोगों को उम्मीद थी कि इस महत्वपूर्ण अवसर पर सड़क का निर्माण कार्य पूरा कराया जाएगा।
लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य अब भी अधूरा पड़ा हुआ है। केवल औपचारिक रूप से सड़क की साफ–सफाई करा दी गई है, जबकि सड़क पर पड़े नुकीले पत्थर आज भी वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए परेशानी और खतरे का कारण बने हुए हैं।
स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर निराशा है कि पुण्यतिथि कार्यक्रम के बाद शायद सड़क निर्माण दोबारा शुरू होना मुश्किल हो जाए। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से यह सड़क उनकी रोजमर्रा की समस्या बनी हुई है, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिलते हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि पुण्यतिथि जैसे पावन अवसर को औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए, लंबित सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को वास्तविक राहत मिल सके।