मानसिक दिव्यांगजनों हेतु आश्रय गृह व प्रशिक्षण केन्द्र संचालन के लिए अनुदान प्रस्ताव आमंत्रित
“दिव्यांगजनों के पुनर्वास व प्रशिक्षण हेतु आगे आएं स्वैच्छिक संस्थाएं”
देवरिया। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी प्रियंका चौधरी ने जानकारी दी कि जनपद में कार्यरत इच्छुक स्वैच्छिक संस्थाओं से अनुदान प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। यह अवसर उन संस्थाओं के लिए है, जो निःशक्तजन (समान अवसर, अधिकारों का संरक्षण एवं पूर्ण भागीदारी) अधिनियम, 1995 के अंतर्गत पंजीकृत हैं तथा मानसिक मंदिता के क्षेत्र में अनुभव एवं योजना संचालन की पात्रता रखती हैं।
अधिकारी ने बताया कि ऐसे संस्थान, जो मानसिक मंदित एवं मानसिक रूप से रूग्ण निराश्रित दिव्यांगजन हेतु आश्रय गृह सह प्रशिक्षण केन्द्र अथवा मानसिक चिकित्सालय/आश्रय गृह से उपचारित एवं स्वस्थ हुए बेघर व्यक्तियों के लिए हॉफ-वे होम/लॉन्ग-स्टे होम का संचालन करना चाहते हैं, वे वित्तीय वर्ष 2025-26 हेतु अपने अनुदान प्रस्ताव प्रस्तुत कर सकते हैं।
संस्थाओं से अपेक्षा की गई है कि वे अपने संपूर्ण प्रस्ताव एवं आवश्यक अभिलेख जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, देवरिया कार्यालय में तत्काल उपलब्ध कराएं।
यह योजना मानसिक दिव्यांगजनों के पुनर्वास, प्रशिक्षण एवं उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
ग्रामीण न्यूज़ तेज नज़र
देवरिया संवाददाता