लार बाईपास निर्माण कार्य पांच माह से ठप, दुर्गा पूजा में बढ़ी मुश्किलें
लार बाईपास निर्माण कार्य पांच माह से ठप, दुर्गा पूजा में बढ़ी मुश्किलें
लार (देवरिया)। लार बाईपास का निर्माण कार्य पिछले पांच माह से ठप पड़ा हुआ है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ से लोगों का चलना-फिरना मुश्किल हो गया है। आमजन तो परेशान हैं ही, अब दुर्गा पूजा के मौके पर स्थिति और विकट हो गई है।
बाईपास की दुर्दशा का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दुर्गा प्रतिमाओं को ले जाने में लोगों को भारी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। कीचड़ और उबड़-खाबड़ सड़क पर प्रतिमाएं ले जाने में हर समय अनहोनी का खतरा बना रहता है।
इसी समस्या को लेकर हिंदू युवा वाहिनी के नेता अरुण कुमार सिंह ने सड़क के कीचड़ में लेटकर प्रदर्शन किया और इस मामले से जिलाधिकारी दिव्या मित्तल को भी अवगत कराया था। इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाईपास का निर्माण रुका रहने से पूरे नगर और आसपास की जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। त्योहार के समय तो समस्या और गंभीर हो गई है।
जनता की मांग है कि प्रशासन तत्काल इस ओर ध्यान दे और कार्य शुरू कराए, ताकि आमजन व श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।