देवरिया: जर्जर सड़क पर भाजपा नेता का कीचड़ में लेटकर प्रदर्शन, पीडब्ल्यूडी अफसरों के खिलाफ फूटा गुस्सा
देवरिया: जर्जर सड़क पर भाजपा नेता का कीचड़ में लेटकर प्रदर्शन, पीडब्ल्यूडी अफसरों के खिलाफ फूटा गुस्सा
देवरिया जिले में सोमवार को सत्तारूढ़ पार्टी के नेता ने ही भ्रष्टाचार और लापरवाही के खिलाफ सड़कों पर अनोखा प्रदर्शन कर प्रशासन को हिलाकर रख दिया। भगवा कुर्ता पहने भाजपा नेता अरुण सिंह जर्जर सड़क पर फैले कीचड़ में लेट गए और वहीं रेंगने लगे। इस दौरान उन्होंने नारे लगाए—”देवरिया PWD अफसर भ्रष्टाचारी हैं”। उनके इस नाटकीय प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
तीन महीने से ठप पड़ा सड़क का काम
19.42 करोड़ की लागत से नवलपुर से लार तक 9.03 किमी सड़क का निर्माण कार्य तीन महीने से रुका हुआ है। बारिश के कारण लार बाइपास का 850 मीटर हिस्सा दलदल और गड्डों में तब्दील हो चुका है। हालत यह है कि भारी वाहन तो छोड़िए, छोटे वाहनों तक को गलियों से होकर निकलना पड़ रहा है। आए दिन जाम लगता है और स्थानीय व्यापारियों समेत आम लोगों को भारी दिक्कत उठानी पड़ रही है।
भाजपा नेता का आक्रोश
अरुण सिंह हिंदू युवा वाहिनी के जिलामंत्री रह चुके हैं और अब भाजपा से जुड़े हैं। फिलहाल वे नगर पंचायत लार से चेयरमैन पद के प्रबल दावेदार माने जाते हैं। उनका आरोप है कि विभाग की मिलीभगत और भ्रष्टाचार के कारण सड़क निर्माण रुका पड़ा है। उन्होंने ऐलान किया कि “अगर दशहरे तक सड़क पूरी नहीं बनी तो और उग्र आंदोलन होगा।”
अफसरों के सामने हाथ जोड़कर मनाया
रविवार सुबह 10 बजे हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता मौके पर जुटे और सड़क निर्माण की मांग को लेकर धरना शुरू किया। माहौल तब गरमा गया जब अरुण सिंह कीचड़ में लेटकर लोटने लगे और जमकर नारेबाजी की। दोपहर करीब 1 बजे पीडब्ल्यूडी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। हालात बिगड़ते देख अधिकारियों ने हाथ जोड़कर भाजपा नेता से आंदोलन समाप्त करने की गुजारिश की और तत्काल जेसीबी मंगवाकर सड़क समतल कराने का काम शुरू कराया।
चुनावी मौसम में बड़ा संदेश
स्थानीय राजनीति में इस अनोखे विरोध को लेकर चर्चाओं का दौर तेज है। लोग कह रहे हैं कि भाजपा नेता का यह प्रदर्शन न केवल विभागीय लापरवाही को उजागर करता है बल्कि चुनावी मौसम में जनता का विश्वास जीतने का तरीका भी है। अब सबकी नजर इस पर टिकी है कि दशहरे से पहले सड़क बनती है या फिर अरुण सिंह और बड़ा आंदोलन छेड़ते हैं।