लार थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव में चार घरों में बड़ी चोरी, 20 लाख सहित लाखों का माल पार
लार थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव में चार घरों में बड़ी चोरी, 20 लाख सहित लाखों का माल पार
सेवानिवृत्त अध्यापक, प्रधानाचार्य, प्रोटोकॉल अधिकारी और इंजीनियर के घरों को बनाया निशाना
देवरिया। लार थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव में सोमवार की देर रात चोरों ने तांडव मचाते हुए चार-चार घरों को निशाना बना डाला। इस घटना में चोरों ने लगभग 20 लाख रुपये के आभूषण, नकदी और कीमती सामान चोरी कर लिया। वारदात से गांव ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
जिन घरों में हुई चोरी
अवधेश मिश्र, सेवानिवृत्त अध्यापक (सुतावर इंटर कॉलेज) : चोरों ने यहां से लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के जेवरात व नकदी उड़ा लिए।
आनन्द मिश्र, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य (जवाहरलाल उ. मा. विद्यालय, जिरासो) : यहां भी ताले तोड़कर नकदी व कीमती सामान पार हो गया।
मार्कण्डेय मिश्र, प्रोटोकॉल अधिकारी (डी.एल.डब्ल्यू., वाराणसी) : चोरों ने घर का सारा सामान खंगाल डाला और लाखों का सामान ले गए।
संतोष मिश्र, इंजीनियर (रेलवे, हैदराबाद) : यहां भी नगदी व जेवरात चोरी हुए।
गांव में दहशत, लोगों में आक्रोश
ग्रामीणों ने बताया कि चोर देर रात गांव में घुसे और योजनाबद्ध तरीके से चारों घरों को निशाना बनाया। सुबह जब लोगों ने घटना की जानकारी पाई तो पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोगों में पुलिस गश्त को लेकर आक्रोश भी देखने को मिला।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही लार थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी जांच के लिए बुलाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही घटना का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा।
ग्रामीणों की मांग
लगातार हो रही चोरियों से गांव के लोग दहशत में हैं। ग्रामीणों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और गांव में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।