कलेक्ट्रेट का निरीक्षण कर डीएम ने दिए व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश
कलेक्ट्रेट का निरीक्षण कर डीएम ने दिए व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश
देवरिया, 24 सितंबर। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण कर विभिन्न कार्यालयों एवं पटलों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जिला पूर्ति कार्यालय, फौजदारी अभिलेखागार, राजस्व अभिलेखागार, चकबंदी कार्यालय, संयुक्त कार्यालय, आपात सहायता कार्यालय, नजारत सदर सहित अन्य कार्यालयों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से कार्यालयों में संचालित कार्यों, पत्रावलियों एवं अभिलेखों के रख-रखाव की जानकारी ली। उन्होंने कार्यालयों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने तथा फाइलों एवं अभिलेखों को व्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से रखने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर अभिलेख आसानी से उपलब्ध हो सकें।
डीएम ने सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों की समय से कार्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित करने और पटल से संबंधित कार्यों का समयबद्ध निस्तारण करने को कहा। उन्होंने जनसामान्य से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब न करने तथा प्राप्त प्रकरणों का नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यालयी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं सुव्यवस्था बनाए रखी जाए और आमजन को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार का अवकाश मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से ही लिया जाए तथा बिना पूर्व स्वीकृति के अवकाश पर न रहें।
उन्होंने कार्यालय में आने वाले फरियादियों के साथ शालीनतापूर्वक व्यवहार करने और उनकी समस्याओं के निस्तारण के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान एएसडीएम अखिलेश कुमार यादव सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।