शिक्षक समस्याओं के समाधान और संगठन मजबूती पर जोर, समीक्षा बैठक में लिए गए कई निर्णय
शिक्षक समस्याओं के समाधान और संगठन मजबूती पर जोर, समीक्षा बैठक में लिए गए कई निर्णय
देवरिया, 23 सितंबर। उत्तर प्रदेश जूनियर हाई स्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ की समीक्षा बैठक बुधवार को जिलाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शिक्षक समस्याओं के समाधान, संगठन की मजबूती, निपुण आकलन तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने कहा कि संगठन शिक्षक समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहेगा। उन्होंने पदाधिकारियों एवं शिक्षकों से संगठन को मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक सदस्य बनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि नवंबर माह तक सदस्य बनाए जा सकते हैं, इसलिए सभी पदाधिकारी अपने-अपने ब्लॉकों में सदस्यता अभियान को गति दें।
उन्होंने शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिला महामंत्री नंद लाल ने सभी शिक्षकों से विभागीय निर्देशों के अनुसार निपुण आकलन समय से पूरा करने तथा अपने-अपने विद्यालयों को निपुण बनाने की अपील की।
प्रांतीय ऑडिटर अमरनाथ ने बताया कि प्रदेश संगठन के आह्वान पर 25 सितंबर 2026 को पुरानी पेंशन की मांग को लेकर लखनऊ के ईको गार्डन में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन के निर्देश पर देवरिया जनपद से बड़ी संख्या में शिक्षक इसमें प्रतिभाग करेंगे।
मंडल मंत्री ने शिक्षक सम्मान समारोह को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी पदाधिकारियों के प्रति आभार जताया। साथ ही प्रभारी प्रधानाध्यापकों को प्रधानाध्यापक का वेतन दिए जाने की मांग भी उठाई।
जिला मंत्री दीनदयाल कुशवाहा ने मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना में अनुचरों के कार्ड नहीं बनने का मुद्दा उठाते हुए अनुचरों को भी इस सुविधा में शामिल किए जाने की मांग की।
बैठक में संगठन की ब्लॉक इकाई भलुअनी के मंत्री पद पर पुष्पेंद्र सिंह तथा बरहज के ब्लॉक मंत्री पद पर भागवत प्रसाद को मनोनीत किया गया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अशोक सिंह, मंडल महामंत्री अशरफ अली खान, प्रांतीय संयुक्त मंत्री नरेंद्र सिंह, जिला कोषाध्यक्ष हेमंत शुक्ल, हृदयानंद भारती, रणजीत मल्ल, इंद्रसेन गुप्त, अली अहमद, रशीद अहमद, उदय प्रताप सिंह, आनंद श्रीवास्तव, नवनाथ मौर्य, सुनील त्रिपाठी, बृजेश राय, रामनिवास सिंह, सुरेश दीक्षित, जमालुद्दीन अंसारी, नंदप्रकाश सहित विभिन्न ब्लॉकों के पदाधिकारी एवं जिला संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।