मरम्मत के नाम पर खतरा: नई बनी सड़क पर ठेकेदार की लापरवाही से हादसा, प्रिस वर्मा घायल
मरम्मत के नाम पर खतरा: नई बनी सड़क पर ठेकेदार की लापरवाही से हादसा, प्रिंस वर्मा घायल
लार (देवरिया)। लार नवलपुर मार्ग पर बनी नई सड़क की पोल अब खुलने लगी है। कुछ महीने पहले ही करोड़ों की लागत से बनी यह सड़क जगह-जगह से टूटने लगी, जिसके बाद मरम्मत का काम शुरू हुआ। लेकिन ठेकेदार की लापरवाही से यह मरम्मत भी लोगों के लिए खतरा बन गई है।
शहजौर पेट्रोल पंप के पास सड़क के बीचों-बीच बनाया गया एक गड्ढा करीब दो महीने से खुला पड़ा है, जिससे राहगीर आए दिन परेशान हैं। इसी गड्ढे के कारण शुक्रवार को लार निवासी प्रिंस वर्मा पुत्र सुनील वर्मा दवा लेने सलेमपुर जाते समय असंतुलित होकर गिर पड़े और घायल हो गए। उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुँचाया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि मरम्मत कार्य के दौरान कई जगह गड्ढे खोदे गए थे, लेकिन यह गड्ढा अब तक नहीं भरा गया। इससे न केवल दुर्घटना का खतरा बना हुआ है बल्कि नई बनी सड़क की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि, “ठेकेदार और विभाग की लापरवाही से जनता परेशान है। क्या प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही जागेगा?”
ग्रामीणों ने मांग की है कि विभाग तुरंत सड़क की मरम्मत करवाए और संबंधित ठेकेदार पर कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।