Search for:
  • Home/
  • समाचार/
  • देवरिया पुलिस का शराब तस्करी सिंडिकेट पर बड़ा प्रहार, 126 पेटी अवैध शराब के साथ 8 तस्कर गिरफ्तार; चोरी की बाइक और फर्जी नंबर प्लेट का खुलासा

देवरिया पुलिस का शराब तस्करी सिंडिकेट पर बड़ा प्रहार, 126 पेटी अवैध शराब के साथ 8 तस्कर गिरफ्तार; चोरी की बाइक और फर्जी नंबर प्लेट का खुलासा

देवरिया। जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत श्रीरामपुर पुलिस ने एक बड़ी और संगठित कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 126 पेटी अवैध देशी शराब, आठ मोटरसाइकिलें और चार फर्जी नंबर प्लेट बरामद करते हुए आठ तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई ने उत्तर प्रदेश से बिहार तक फैले शराब तस्करी नेटवर्क की परतें खोल दी हैं।

पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में श्रीरामपुर थाना पुलिस मैदनीय तिराहे पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मैदनिया स्थित देशी शराब की दुकान के पास घेराबंदी कर संदिग्धों को दबोच लिया।

तलाशी के दौरान आठ मोटरसाइकिलों पर प्लास्टिक की बोरियों में छिपाकर ले जाई जा रही 103 पेटी “बंटी बबली” तथा 23 पेटी “रोमियो राजा” ब्रांड की कुल 126 पेटी (करीब 1134 लीटर) अवैध देशी शराब बरामद हुई। इसके अलावा पुलिस ने चार फर्जी नंबर प्लेट भी कब्जे में लीं, जिनका इस्तेमाल पुलिस की निगरानी से बचने के लिए किया जा रहा था।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया कि वे मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट बदलकर तथा चोरी की बाइकों का उपयोग करते हुए उत्तर प्रदेश से शराब बिहार के सीवान जिले में पहुंचाकर ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस जांच में एक बरामद मोटरसाइकिल चोरी की निकली, जिसके संबंध में बिहार के सीवान जिले में पहले से मुकदमा दर्ज है।

See also  सौम्यता और सादगी की प्रतिमूर्ति थी सुषमा स्वराज

प्रारंभिक जांच से यह भी संकेत मिले हैं कि यह गिरोह लंबे समय से अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय था और शराबबंदी वाले क्षेत्रों में अवैध शराब की सप्लाई कर भारी मुनाफा कमा रहा था। पुलिस अब इस नेटवर्क के मास्टरमाइंड, सप्लाई चेन और आर्थिक लेनदेन की भी गहन जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोग किन-किन जिलों में सक्रिय हैं।

देवरिया पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि शराब माफियाओं के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required