सावन से पहले डीएम-एसपी ने बाबा दुग्धेश्वर नाथ मंदिर में किया जलाभिषेक, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
सावन से पहले डीएम-एसपी ने बाबा दुग्धेश्वर नाथ मंदिर में किया जलाभिषेक, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
देवरिया, 11 जुलाई। आगामी सावन माह को देखते हुए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने शनिवार को थाना समाधान दिवस में शामिल होने से पूर्व रुद्रपुर स्थित बाबा दुग्धेश्वर नाथ मंदिर में भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने जनपद की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की।
पूजा-अर्चना के उपरांत दोनों अधिकारियों ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर सावन माह में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर के महंत से तैयारियों की जानकारी लेते हुए प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा भीड़ प्रबंधन की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सावन के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं तथा साफ-सफाई, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।
वहीं पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी रुद्रपुर को पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सुचारु यातायात व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर उसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रशासन एवं पुलिस विभाग के संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।