Search for:
  • Home/
  • समाचार/
  • नवागत जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने की प्रेस वार्ता, गिनाईं प्राथमिकताएं

नवागत जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने की प्रेस वार्ता, गिनाईं प्राथमिकताएं

नवागत जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने की प्रेस वार्ता, गिनाईं प्राथमिकताएं
देवरिया | 06 मई 2026
जनपद देवरिया के नवागत जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकार वार्ता आयोजित की। इस दौरान उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं को साझा करते हुए जनपद के समग्र विकास के लिए ठोस कार्ययोजना पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि कृषि क्षेत्र में नवाचार को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। इसके साथ ही सरकारी योजनाओं का प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हेल्थ, एजुकेशन और आईसीडीएस सेक्टर उनकी प्राथमिकता में शामिल रहेंगे।
उन्होंने कहा कि जन समस्याओं के समाधान में संवाद की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। “मेरा प्रयास रहेगा कि आमजन से सीधा संवाद बना रहे और उनकी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए,” उन्होंने कहा।
मीडिया की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि पत्रकार जनसमस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इससे प्रशासन को योजनाओं में सुधार और कमियों को दूर करने में मदद मिलती है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका सीयूजी नंबर अब उनके पास ही रहेगा और वे स्वयं कॉल रिसीव करेंगे, जिससे आमजन सीधे उनसे अपनी बात रख सकें।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में अधिकारियों और कर्मचारियों की एक सक्षम टीम है और सभी के सहयोग से विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा।
पत्रकारों द्वारा जनपद की विभिन्न समस्याओं को जिलाधिकारी के संज्ञान में लाया गया, जिस पर उन्होंने गंभीरता दिखाते हुए समाधान का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी विजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त) राम शंकर सहित कई अधिकारी एवं पत्रकार उपस्थित रहे।

See also  ऑनलाइन गेमिंग: मनोरंजन से लत तक, युवा हो रहे बर्बाद

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required