Search for:
  • Home/
  • समाचार/
  • किशोरियों को गर्भाशय मुख कैंसर से बचाएगा मानव पैपिलोमा वायरस टीकाकरण अभियान

किशोरियों को गर्भाशय मुख कैंसर से बचाएगा मानव पैपिलोमा वायरस टीकाकरण अभियान

किशोरियों को गर्भाशय मुख कैंसर से बचाएगा मानव पैपिलोमा वायरस टीकाकरण अभियान

देवरिया, 28 फरवरी 2026।
गर्भाशय मुख (सर्वाइकल) कैंसर की रोकथाम के लिए प्रदेश सरकार द्वारा शनिवार से प्रदेशव्यापी मानव पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के अजमेर से तथा उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने लखनऊ से इस अभियान की शुरुआत की।
जनपद देवरिया में महर्षि देवरहवा बाबा मेडिकल कॉलेज के सभागार में सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता, महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रजनी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी आभासी माध्यम से कार्यक्रम में जुड़े।
विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि अभियान के अंतर्गत प्रदेश की 14–15 वर्ष आयु की किशोरियों को गर्भाशय मुख कैंसर से बचाव हेतु मानव पैपिलोमा वायरस का टीका लगाया जाएगा। 14 वर्ष की किशोरियों को गार्डासिल-4 नामक टीके की एकल खुराक दी जाएगी। यह टीका शीघ्र ही सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क उपलब्ध होगा। टीकाकरण के लिए अभिभावकों की सहमति आवश्यक होगी।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि गर्भाशय मुख कैंसर महिलाओं में होने वाला दूसरा सबसे सामान्य कैंसर है, जो कुल मामलों का लगभग 22.86 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि यह ऐसा कैंसर है जिसकी रोकथाम टीकाकरण से संभव है, इसलिए प्रदेश सरकार का यह निर्णय अत्यंत सराहनीय है।


स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा नेशनल हेल्थ मिशन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार यह टीका आयुष्मान आरोग्य मंदिर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला चिकित्सालय तथा चिकित्सकीय महाविद्यालयों में निःशुल्क उपलब्ध रहेगा। प्रारंभिक तीन माह तक प्रतिदिन टीकाकरण किया जाएगा, इसके पश्चात नियमित टीकाकरण दिवस पर भी यह सुविधा जारी रहेगी।
प्राचार्या डॉ. रजनी ने बताया कि प्रदेश का यह टीकाकरण अभियान राष्ट्रीय स्तर पर संचालित गर्भाशय मुख कैंसर निरोधक अभियान का हिस्सा है।
कार्यक्रम में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.के. सिन्हा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एच.के. मिश्रा, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अश्वनी, डॉ. आर.पी. यादव सहित अन्य चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

See also  लार चौकी चार दिन से प्रभारी विहीन, कस्बे में बढ़ी बेचैनी

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required