भूजा विक्रेता की हत्या से क्षेत्र में सनसनी, परिजनों और समाज में आक्रोश
भूजा विक्रेता की हत्या से क्षेत्र में सनसनी, परिजनों और समाज में आक्रोश
देवरिया।
जनपद के मेहरौना निवासी 25 वर्षीय भूजा विक्रेता राजू पाल की मंगलवार की रात करीब नौ बजे धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष महेंद्र चतुर्वेदी, सीओ मनोज कुमार और एडिशनल एसपी सुनील कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने रात में ही घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिजनों से बातचीत की।
मृतक के भाई रामजीत पाल की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया और तुरंत आरोपियों की तलाश में जुट गई। बुधवार को दोपहर बाद पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के साथ बारीकी से जांच की और पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
थानाध्यक्ष महेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि पूरी पुलिस टीम लगातार काम कर रही है। बहुत जल्द हत्याकांड का अनावरण कर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
समाज में गुस्सा
राजू पाल की हत्या के बाद धनगर समाज में गहरा आक्रोश है। पोस्टमार्टम हाउस पर भारी संख्या में लोग इकट्ठा हुए। इस दौरान कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष और धनगर समाज के नेता जय प्रकाश पाल भी अपने समर्थकों के साथ पहुंचे। उन्होंने कहा कि राजू पाल शारीरिक रूप से मजबूत था, अकेला या दो लोग उसे परास्त नहीं कर सकते थे। वह समाज का स्तंभ था।
जय प्रकाश पाल ने शासन-प्रशासन से मांग की कि हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाए और सरकार मृतक के परिवार को आर्थिक मदद प्रदान करे। उन्होंने बताया कि राजू पाल की पत्नी गूंगी है और उसके दो छोटे बच्चे हैं। ऐसे में परिवार के पालन-पोषण का कोई साधन शेष नहीं बचा है।
सड़क पर उतरने की चेतावनी
धनगर समाज के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे और न्याय की मांग करेंगे।