देवरिया में रिश्वतखोर कानूनगो रंगे हाथ पकड़ा गया
देवरिया में रिश्वतखोर कानूनगो रंगे हाथ पकड़ा गया
देवरिया सदर तहसील में तैनात कानूनगो शैलेश कुमार को एंटी करप्शन टीम ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। शैलेश कुमार मूल रूप से गोरखपुर जिले के सहजनवां थाना क्षेत्र के सहरी गांव के निवासी हैं।
मामला बरियारपुर थाना क्षेत्र के हरपुर कला गांव का है। यहां किसान ज्वाला यादव ने अपने खेत की सीमा निर्धारण के लिए एसडीएम कोर्ट में मुकदमा दायर किया था। इस पर राजस्व निरीक्षक शैलेश कुमार को फील्ड बुक तैयार कर कोर्ट में प्रस्तुत करने का निर्देश मिला था। आरोप है कि शैलेश कुमार इस कार्य के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहे थे।
शिकायत के आधार पर 30 अगस्त को एंटी करप्शन टीम ने तहसील गेट पर जाल बिछाया और शैलेश कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। उसके बाद उन्हें कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया।
घटना की रिपोर्ट तहसील प्रशासन ने डीएम को भेजी। डीएम ने तुरंत प्रभाव से शैलेश कुमार को निलंबित कर दिया। सूत्रों का कहना है कि जिले की कई तहसीलों में तैनात राजस्वकर्मियों और अधिकारियों की गतिविधियों पर अब एंटी करप्शन की निगाह बनी हुई है।