Search for:
  • Home/
  • समाचार/
  • मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 80 जोड़ों का विवाह संपन्न

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 80 जोड़ों का विवाह संपन्न

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 80 जोड़ों का विवाह संपन्न

देवरिया, 24 फरवरी।
समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद देवरिया में मंगलवार को रुद्रपुर स्थित खंड विकास अधिकारी कार्यालय परिसर में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 80 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया, जिनमें 76 हिंदू जोड़ों का वैदिक रीति-रिवाज से विवाह तथा 4 मुस्लिम जोड़ों का निकाह सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रुद्रपुर के विधायक जयप्रकाश निषाद उपस्थित रहे। उनके साथ उपायुक्त मनरेगा, उपजिलाधिकारी रुद्रपुर, ब्लॉक प्रमुख, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी तथा खंड विकास अधिकारी रामसुधारे पासवान सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
समारोह के दौरान विधायक जयप्रकाश निषाद ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की और अपनी ओर से सभी जोड़ों को शॉल भेंट किया। अन्य जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने भी नवदम्पतियों को शुभकामनाएं दीं।
समाज कल्याण विभाग के अनुसार, योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च करने का प्रावधान है। इसमें 60 हजार रुपये सीधे कन्या के बैंक खाते में हस्तांतरित किए जाते हैं, 25 हजार रुपये की उपहार सामग्री प्रदान की जाती है तथा 15 हजार रुपये आयोजन पर व्यय किए जाते हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पाण्डेय ने जानकारी दी कि अगला सामूहिक विवाह समारोह 26 फरवरी 2026 को राजकीय आईटीआई/केंद्रीय विद्यालय परिसर, देवरिया में आयोजित किया जाएगा।

See also  देवरिया में कार्तिक पूर्णिमा पर सरयू तट पर उमड़ा आस्था का सैलाब

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required