डीएम की पहल से फरियादी को मौके पर मिला त्वरित न्याय
डीएम की पहल से फरियादी को मौके पर मिला त्वरित न्याय
भूमि का रकबा पूर्ण कराकर जिलाधिकारी ने कराया शिकायत का निस्तारण
देवरिया, 11 अगस्त। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने देवगांव निवासी अंकित उपाध्याय की आईजीआरएस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थलीय सत्यापन किया। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शिकायत का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी की सक्रिय पहल से फरियादी की समस्या का मौके पर ही समाधान हो गया।
फरियादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी भूमिधरी भूमि के रकबे में कमी है और उसे नियमानुसार पूरा कराया जाए। शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी देवगांव पहुंचे और मौके पर राजस्व टीम से भूमि की पैमाइश कराकर रकबा दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
नायब तहसीलदार शिवेंद्र कौंडिल्य की मौजूदगी में राजस्व निरीक्षक एवं लेखपाल वेद राव द्वारा भूमि की नियमानुसार पैमाइश की गई। जांच एवं पैमाइश के बाद फरियादी की भूमि का रकबा पूर्ण कराया गया, जिससे उसकी शिकायत का मौके पर ही समाधान हो गया।
समस्या के त्वरित समाधान पर फरियादी अंकित उपाध्याय ने जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी की सक्रियता और मौके पर पहुंचकर की गई कार्रवाई से उसे शीघ्र न्याय मिला तथा उसकी समस्या का समाधान हो गया।
जिलाधिकारी ने सभी राजस्व अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आईजीआरएस सहित अन्य शिकायतों के निस्तारण में पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता बरती जाए। शिकायतों का स्थलीय सत्यापन करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रत्येक फरियादी को निर्धारित समय में न्याय मिल सके। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
देवगांव में भूमि की पैमाइश के दौरान नायब तहसीलदार शिवेंद्र कौंडिल्य, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल वेद राव सहित अन्य राजस्वकर्मी एवं ग्रामवासी मौजूद रहे।