देवरिया में विकास कार्यों की समीक्षा, प्रभारी मंत्री ने दिए गुणवत्ता व समयबद्धता के निर्देश
देवरिया में विकास कार्यों की समीक्षा, प्रभारी मंत्री ने दिए गुणवत्ता व समयबद्धता के निर्देश
देवरिया, 25 फरवरी। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जनपद के प्रभारी मंत्री एवं परिवहन विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह की अध्यक्षता में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, रुद्रपुर विधायक जयप्रकाश निषाद, सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी, रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया, भाटपार रानी विधायक सभाकुंवर, जिला पंचायत अध्यक्ष पं० गिरीश चंद्र तिवारी, एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह के प्रतिनिधि राजू मणि, एमएलसी ध्रुव त्रिपाठी के प्रतिनिधि अवधेश सिंह एवं भाजपा जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस अवसर पर जिलाधिकारी दिव्या मित्तल, पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन, मुख्य विकास अधिकारी राजेश सिंह सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री ने ग्राम विकास विभाग, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, स्वयं सहायता समूह गठन, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण/शहरी), 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत ग्राम पंचायत कार्य, ऑपरेशन कायाकल्प, जल जीवन मिशन, गौ संरक्षण, पीएम सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना तथा पीएम कुसुम योजना की प्रगति की समीक्षा की।
जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान जनप्रतिनिधियों ने ब्लॉकवार जलापूर्ति एवं संचालित योजनाओं की अद्यतन सूची उपलब्ध कराने का सुझाव दिया, जिस पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्माणाधीन एवं पूर्ण सड़कों का विवरण प्रस्तुत करने को कहा गया। विद्युत पोल शिफ्टिंग सहित अन्य आधारभूत संरचना कार्यों की प्रगति भी जानी गई।
बैठक में वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, दिव्यांग पेंशन एवं आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों की स्थिति की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से आच्छादित करने के लिए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सुझावों को प्राथमिकता के साथ लागू किया जाए।
कृषि मंत्री ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय एवं परिणामोन्मुख कार्यशैली अपनाने पर बल देते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध रूप से पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की भी बात कही।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि प्रभारी मंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा तथा अगली समीक्षा बैठक में अद्यतन प्रगति प्रस्तुत की जाएगी।