डीसीसी व डीएलआरसी की बैठक आयोजित, ऋण वितरण में तेजी लाने के निर्देश
डीसीसी व डीएलआरसी की बैठक आयोजित, ऋण वितरण में तेजी लाने के निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी श्री राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को विकास भवन स्थित गांधी सभागार में जिला स्तरीय सलाहकार समिति (DCC) एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति (DLRC) की दिसंबर 2025 तिमाही बैठक संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न बैंकों के कार्य प्रदर्शन, वार्षिक ऋण योजना की प्रगति तथा सरकारी योजनाओं के अंतर्गत ऋण वितरण की समीक्षा की गई।
इस दौरान जनपद के ऋण-जमा अनुपात (सीडी रेशियो) और वार्षिक ऋण योजना की बैंकवार स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। दिसंबर 2025 तक 5,63,069.65 लाख रुपये के लक्ष्य के मुकाबले 4,75,072.25 लाख रुपये का ऋण वितरण हुआ, जो निर्धारित लक्ष्य का 84.37 प्रतिशत है। कृषि क्षेत्र में 73.40 प्रतिशत तथा कुल प्राथमिकता क्षेत्र में 53.17 प्रतिशत उपलब्धि को संतोषजनक माना गया।
हालांकि जनपद का सीडी रेशियो 42.91 प्रतिशत पाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी जताते हुए इसे राज्य के औसत 59 प्रतिशत तक पहुंचाने के निर्देश दिए। जिन बैंकों का सीडी रेशियो 40 प्रतिशत से कम है, उन्हें अपनी प्रगति में सुधार लाने को कहा गया। साथ ही राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के स्वयं सहायता समूहों को कैश क्रेडिट लिमिट (CCL) के तहत ऋण वितरण में तेजी लाने पर बल दिया गया।
बैठक में किसान क्रेडिट कार्ड, स्वयं सहायता समूह वित्तपोषण, व्यवसायिक ऋण, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, पीएमएफएमई, एक जनपद एक उत्पाद, माटी कला योजना तथा पीएम स्वनिधि सहित अन्य योजनाओं में ऋण स्वीकृति और वितरण की प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
भारतीय रिजर्व बैंक के प्रतिनिधि ने ‘आपकी कुंजी आपका अधिकार’ अभियान के अंतर्गत शाखावार सूची अद्यतन रखने तथा ग्राम पंचायत स्तर पर बैंक सखी एवं समूह सखी के माध्यम से खाताधारकों से संपर्क कर जमा राशि की वापसी सुनिश्चित कराने पर जोर दिया। साथ ही ऋण आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के लिए भी निर्देशित किया गया।
अग्रणी जिला प्रबंधक श्री आर.एस. प्रेम ने पुराने नोटों के विनिमय और नए सिक्कों के वितरण के लिए प्रत्येक बैंक शाखा में विशेष शिविर आयोजित करने का सुझाव रखा, जिस पर बैठक में विचार-विमर्श किया गया।
अंत में अग्रणी जिला प्रबंधक श्री आर.एस. प्रेम ने सभी अधिकारियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया और बैठक समाप्ति की घोषणा की।
बैठक में ओएसडी, माननीय सांसद देवरिया सदर श्री अभिषेक पाण्डेय, भारतीय रिजर्व बैंक के अग्रणी जिला अधिकारी श्री समशुद्दीन, अग्रणी जिला प्रबंधक श्री आर.एस. प्रेम, डीसी राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन श्री आलोक पाण्डेय, जिला विकास अधिकारी श्री सुशील कुमार सिंह, पीडी डीआरडीए श्री अनिल कुमार, उद्योग विभाग से श्री एस. सिद्दीकी, जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी श्री वीरेन्द्र प्रसाद, मत्स्य निरीक्षक श्री रितेश कुमार शाही, जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड श्री सूरज शुक्ला, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. श्रीनिवास प्रसाद सहित विभिन्न बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी एवं जिला बैंक समन्वयक उपस्थित रहे।